देवबंद (सहारनपुर)। जिलास्तरीय संपूर्ण समाधान में अधिकारियों ने ग्राम प्रधानों से दो टूक कहा कि वह अपने क्षेत्र में खेतों में पराली व गन्ने की पत्ती न जलाने दें। अन्यथा किसानों के साथ-साथ उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को खंड विकास कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में महज 33 फरियादी ही शिकायत लेकर पहुंचे थे। सीडीओ प्रणय सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस में किसी भी शिकायत का अधिकारी मौके पर निस्तारण नहीं कर सके। वहीं, एसएसपी दिनेश कुमार के समक्ष पुलिस विभाग से संबंधित 17 शिकायतें पहुंचीं। जिन पर उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को जांच के बाद कार्रवाई करने के आदेश दिए। सीडीओ के समक्ष भी राजस्व विभाग की सात, ब्लॉक स्तरीय 4 एवं पांच अन्य विभागों की शिकायतें पहुंचीं, लेकिन निस्तारण किसी भी शिकायत का मौके पर नहीं हो सका। सीडीओ प्रणय सिंह ने स्थानीय अधिकारियों से कहा कि वह अपनी कार्य प्रणाली में सुधार लाएं। संपूर्ण समाधान दिवस आरंभ होने से पूर्व एसडीएम राकेश कुमार ने ब्लॉक के अधिकांश ग्राम प्रधानों और लेखपालों के साथ बैठक कर उन्हें अपने क्षेत्रों में किसी भी सूरत में धान की पराली और गन्ने की पत्ती न जलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यावरण की सुरक्षा को सहयोग करने की हिदायत देते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में पराली और पत्ती जलती हुई मिली तो संबंधित खेत मालिक के साथ-साथ उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर सीएमओ डा. बी.एस. सोढ़ी, सीओ चौब सिंह और तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।