Muzaffarnagar News: रामपुर तिराहा कांड के दो मामलों में सुनवाई आज, डीएम 17 नवंबर को हाईकोर्ट में तलब
मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा कांड की सीबीआई बनाम ब्रजकिशोर और सीबीआई बनाम एसपी मिश्रा की पत्रावलियों में बुधवार को सुनवाई होगी।
विस्तार
पुलिस फायरिंग में सात आंदोलनकारियों की मौत हुई थी जबकि कई महिला आंदोलनकारियों के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ का आरोप लगा था। सीबीआई की ओर से आंदोलनकारियों से हथियारों की फर्जी बरामदगी दर्शाने और एक आंदोलनकारी का शव गंग नहर में बहाए जाने के मामले की जांच कर छपार थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था, जिसके बाद विवेचना कर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई थी। दोनों ही मामलों की पत्रावली पर कोर्ट में सुनवाई चल रही है। कोर्ट दोनों मामलों में कोर्ट बुधवार को सुनवाई करेगा।
डीएम 17 नवंबर को हाईकोर्ट में तलब
तहसील बुढ़ाना के गांव निरमाना के तालाब में डूबने से करीब दो वर्ष पूर्व युवक की मौत हो गई थी। प्रकरण को लेकर उच्च न्यायालय इलाहाबाद में याचिका दाखिल की गई थी। उच्च न्यायालय ने 17 नवंबर को डीएम उमेश मिश्रा को व्यक्तिगत उपस्थित होकर हलफनामा दाखिल करने का आदेश दिया।
गांव निवासी सुरेन्द्र त्यागी का 28 वर्षीय पुत्र मोनू सात जून 2023 को बछड़े को पकड़ने के लिए तालाब की ओर दौड़ा था। वह बछड़े के पीछे तालाब की ओर गया तो उसमें डूबने से उसकी मौत हो गई थी।
आरटीआई के माध्यम से ली गई सूचना के आधार पर पता चला था कि लघु सिंचाई विभाग की ओर से तालाब सुंदरीकरण और बाउंड्री वाल कराने के नाम पर 1.66 करोड़ रुपये खर्च दर्शाए गए थे। जिला प्रशासन की ओर से मामले की जांच रिपोर्ट न्यायालय को भेज दी गई थी।