अधर में लटका फ्लाई ओवर निर्माण बना हादसे की वजह
रोहाना (मुजफ्फरनगर)। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे-59 पर रोहाना में अधूरा पड़ा पुल शुक्रवार तड़के तीन लोगों का काल बन गया। पिछले दो साल से अधर में लटके पुल के निर्माण के लिए खोदी गई गहरी खाई व दूसरी तरफ मिल की दीवार और दुकानें, इसके बीच एकमात्र सर्विस रोड से दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन हो रहा है, जो आए दिन हादसों की वजह बन रहा है।
मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे-59 पर रामपुर तिराहा से गागलहेड़ी तक दो वर्ष पूर्व 53 किलोमीटर सड़क का निर्माण कराया गया था। मार्ग निर्माण के दौरान रोहाना में पांच सौ मीटर का फ्लाईओवर बनना था, जिसे निर्माणदायी संस्था द्वारा बनाया जाने लगा। इसके लिए रोहाना में शिवमंदिर से पेट्रोल पंप तक सड़क में गहरी खाई खोदते हुए दो पिलर भी खड़े कर दिए गए। दोनों तरफ मिट्टी भराव से बनाए जा रहे इस पुल का स्थानीय व्यापारियों के साथ ही शुगर मिल में जाने वाले किसानों ने व्यापार व आवागमन प्रभावित होने का हवाला देते हुए विरोध शुरू कर दिया और पिलर का पुल बनाए जाने की मांग की। विरोध बढ़ता देख कार्यदायी संस्था ने पुल को अधूरा छोड़ शुगर मिल साइड पर सर्विस रोड बनाने के बाद ट्रैफिक शुरू कर दिया, टोल प्लाजा पर टोल वसूली शुरू कर दी। पुल के अधूरे पड़े निर्माण से मिल के दूसरी तरफ सर्विस लेन का काम भी नहीं कराया गया, जिसके चलते एकमात्र सर्विस रोड से ही दोनों ओर के वाहनों का आवागमन हो रहा है। ऐसे में हाईवे से होकर पंजाब, हिमाचल प्रदेश, गुवाहाटी आदि प्रांतों में जाने वाले तमाम भारी वाहनों का आवागमन एक ही सर्विस रोड से ही होने लगा, जिससे यहां आए दिन हादसे होने लगे। शुक्रवार तड़के हुए भीषण हादसे के लिए भी ग्रामीण हाईवे अथॉरिटी व टोल प्रशासन को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। क्षेत्रीय व्यापारियों पवन त्यागी, तरुण कुमार, ओमदत्त, चंद्रशेखर, विदुर व कलवा आदि का कहना है कि पुल निर्माण पूरा होने तक टोल प्रशासन को अधूरी पड़ी सर्विस लेन को पक्का कराकर दोनों ओर से वाहनों का आवागमन कराना चाहिए, ताकि हादसे न हों।
एक माह में पांच की जान ले गया अधूरा निर्माण
रोहाना। कस्बे में अधूरे पुल निर्माण के चलते पिछले एक माह में तीन हादसों में यहां पांच लोगों की मौत हो चुकी हैं। एक माह पूर्व शिवमंदिर के सामने हुए हादसे में गांव लुहारी निवासी राजकिशोर और रोहाना निवासी सुखबीर की मौत हो चुकी है। शुक्रवार सुबह एक बार फिर सफारी व ट्रॉले की भिड़ंत में दंपती व उनके बेटे की मौत हो गई। इनके अलावा, कई अन्य लोग हादसों में घायल भी हो चुके हैं।
अब भी सुध लेने को तैयार नहीं टोल प्रशासन
रोहाना। लगातार हादसों में इंसानी जान जाने के बावजूद टोल प्रशासन व हाईवे अथॉरिटी अधूरे पुल निर्माण की सुध लेने को तैयार नहीं हैं। करीब तीन माह पूर्व प्रशासन ने यहां पिलर वाले पुल के निर्माण को हरी झंडी दे दी थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक पुल निर्माण शुरू नहीं कराया गया है। इस संबंध में टोल अधिकारी एके सिंह का कहना है कि शासन स्तर से बजट नहीं जारी हुआ है। बजट मिलते ही पुल निर्माण का काम शुरू करा दिया जाएगा।

रोहाना में अधूरे पड़े पुल के पास मुख्य हाईवे के बगल में खोली गई सड़क, जिससे वन वे होने से हादसे हो र?- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रोहाना में स्टेट हाईवे के पास खोली गई सड़क, जिससे हादसे होते है।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रोहाना में अधूरे पड़ा पुल निर्माण और यातायात वन वे होने से हो रहे है हादसे।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रोहाना में स्टेट हाईवे पर अधूरा पड़ा ओवरब्रिज का निर्माण। जिससे वन वे होने से हादसे हो रहे है।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रोहाना में स्टेट हाईवे पर अधूरा पड़ा ओवरब्रिज का निर्माण तथा मुख्य हाईवे के पास खोदी गई सड़क, जिस?- फोटो : MUZAFFARNAGAR

रोहाना में अधूरा पड़ा ओवरब्रिज का निर्माण तथा मुख्य हाईवे के पास खोदी गई सड़क, जिससे वन वे होने से - फोटो : MUZAFFARNAGAR

बह्मपुरी मौहल्ला में सीवर पाईप लाईन का कार्य दौरान टूटी सडक।- फोटो : MUZAFFARNAGAR