कोरोना पॉजिटिव आए मरीज के परिजनों ने खोली दुकानें
खतौली। जानसठ रोड पर कोरोना पॉजिटिव आए मरीज के परिजनों ने बाजार में स्थित अपनी दुकानें बंद नहीं की, जिसको लेकर व्यापारियों में रोष फैल गया और हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनकी दुकानें बंद कराई।
कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग अपनी अहम भूमिका निभा रहा है, लेकिन कुछ लोग अभी भी इस बीमारी को गंभीर बीमारी नहीं समझ रहे। इसका जीता जागता उदाहरण उस समय मिला, जब जानसठ रोड पर मिठाई की दुकान करने वाले एक हलवाई के पॉजिटिव आने के बाद उसके परिजनों को क्वारंटीन कर दिया गया। बावजूद इसके उसके परिजनों ने अपनी-अपनी दुकानों को खोलकर दूसरे लोगों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। जब व्यापारी को मालूम हुआ तो उन्होंने दुकानें खोले जाने का विरोध करते हुए एसडीएम व पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसडीएम ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को मामले की जांच करने के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने मौके पर पहुंचकर खोली गई दुकानें बंद कराते हुए, उन्हें कोरोना के नियमों का पाठ पढ़ाया। उधर, बिद्दीवाड़ा में भी व्यापारियों ने दुकानदार के पास पहुंचकर उसके दुकान खोले जाने का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में उसकी भी दुकान बंद कराई गई। दुकान बंद कराने का विरोध करने वालों में आसिफ, आरिफ, संजय वर्मा, अशोक, अंकित जैन, नरेंद्र जैन उर्फ गुल्लू समेत अन्य बाजार के व्यापारी शामिल रहे।