भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत बोले : हमारी चुप्पी को कमजोरी न समझे सरकार, महापंचायत को लेकर कही ये बात
सिसौली में हुई मासिक पंचायत में चौधरी नरेश टिकैत सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार अजगर है, तुम्हें कब किस तरह निगल जाएगी, तुम्हें पता भी नहीं चलेगा। इस सरकार ने पूरा देश बेच दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन की सिसौली में हुई मासिक पंचायत में चौधरी नरेश टिकैत सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि हम किसी का विरोध नहीं करते, फिर भी हमने किसान आंदोलन के चलते भाजपा वालों से ये कहा था कि तुम गांव में आवागमन कम रक्खो, लेकिन धीरे-धीरे इन्होंने गांव देहात में अपनी मीटिंग बढ़ा दी है। भाजपा के कार्यकर्ता हमारी चुप्पी को हमारी कमजोरी ना समझे, अन्यथा गाड़ी आदि पर कहीं भी भाजपा का झंडा नजर नहीं आएगा।
मासिक पंचायत में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने पांच सितंबर को हुई जीआईसी की महापंचायत को सफल बनाने के लिए सभी वालिंटर, खाने के लिये ढाबा व लंगर चलाने वालों को साफा भेंट करके सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार अजगर है, तुम्हें कब किस तरह निगल जाएगी, तुम्हें पता भी नहीं चलेगा। इस सरकार ने पूरा देश बेच दिया है। उत्तर प्रदेश में 2022 में अगर भाजपा की सरकार आ गई तो किसानों को बर्बाद कर देंगे। हमें संगठित रहकर सरकार का मुकाबला करना है। हमें आपस के भेद भाव मिटाकर मिलजुल कर रहना है। सरकार तोड़ने का काम करेगी और हम जोड़ने का काम करेंगे।
बाबा श्याम सिंह ने 26 सितंबर को होने वाली पंचायत के बारे में कहा कि हमें गलत मानसिकता वाले आदमी से बचकर रहना चाहिए। किसानों के हक में काम कोई कर रहा है और नाम कोई चाह रहा है इनका भी इलाज करना पड़ेगा। चौधरी वीरेंद्र लाठियान ने कहा कि चौ नरेश टिकैत ने 18 खापों के चौधरियों को मनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी थी फिर भी कुछ अपने आप को संगठन से ऊपर मान रहे है। किसानों से गद्दारी करके उन्होंने अपनी छोटी सोच का प्रमाण दिया है। अध्यक्षता सरदार गुलजार सिंह और संचालन मास्टर ओमपाल सिंह ने किया।
खाप चौधरी चार-पांच दिन में ही मीटिंग करके लेंगे कोई बड़ा फैसला
चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि हमारे खाप चौधरियों के बीच कुछ जयचंद है, जो हमारे खिलाफ गलत बयानबाजी कर रहे हैं। वे चौधरी मुख्यमंत्री से एक बार क्या मिल लिए, अपने आप को सर्वे सर्वा मान रहे हैं। सभी खाप पंचायत के चौधरी चार-पांच दिन में ही मीटिंग करके जल्द ही कोई निर्णय लेगी। जो किसान आंदोलन की खिलाफत कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई करेंगे।
बंद का समर्थन किया
27 सितंबर में संयुक्त मोर्चे के आह्वान पर सभी जगह भारत बंद रखा जाएगा। 19 सितंबर को में छपरौली में चौधरी अजित सिंह श्रद्धांजलि सभा में सभी खाप चौधरी व कार्यकर्ता सम्मलित रहेंगे।
हर हर महादेव, अल्लाह हू अकबर के नारे लगे
पंचायत में हर-हर महादेव और अल्लाह हू अकबर ने नारों की गूंज रही। पंचायत में कहा गया कि अब जहां भी पंचायत होगी ये नारे जरूर बोले जाएंगे और इनके साथ ही जो बोले सो निहाल ,सत श्री अकाल का नारा भी बोला जाएगा।