जिलाधिकारी ने काली नदी का निरीक्षण किया
मंसूरपुर। जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ गांव बोपाड़ा के पास बह रही काली नदी का निरीक्षण किया। काली नदी को प्रदूषण मुक्त कराने के लिए उन्होंने अधिकारियों के साथ विमर्श किया।
जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे बृहस्पतिवार को अधिकारियों के साथ बोपाड़ा गांव के पास से बह रही नदी को देखा। एडीएम प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन काली नदी को प्रदूषण मुक्त करने की योजना पर कार्य कर रहा है। नदी की जमीन को चिह्नित किया जा रहा है। इसके बाद नदी में जितनी जलकुंभी या किनारे पर खड़ी खरपतवार को साफ किया जाएगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यह जांच कर रहा है कि नदी में किस किस गंदे नालों का पानी गिर रहा है। जिन नालों का पानी जहरीला है, उन पर रोक लगाई जाएगी। नदी के आसपास के किसानों को आर्गेनिक खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जिससे खेतों में डाले जाने वाले जहरीले पेस्टीसाइड नदी में न जाएं। जल्द ही नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए योजना पर कार्य शुरू हो जाएगा। निरीक्षण के समय डीएम के साथ सीडीओ आलोक यादव, एसडीएम खतौली इंद्रकांत द्विवेदी, प्रदूषण विभाग, सिंचाई विभाग, वन विभाग तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।