सैनीनगर मंदिर में हुई चोरी के खुलासे की मांग
मुजफ्फरनगर, खतौली। मोहल्ला सैनीनगर स्थित मंदिर में एक पखवाड़े पूर्व हुई चोरी की घटना का खुलासा न होने से नाराज लोगों ने सपा नेताओं के साथ थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने जल्द खुलासे का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।
कस्बे के मोहल्ला सैनीनगर स्थित शिवमंदिर में एक पखवाड़े पूर्व ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया गया था। मंदिर समिति की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस अब तक घटना का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे गुस्साए स्थानीय लोग शनिवार को पूर्व सपा जिलाध्यक्ष श्यामलाल उर्फ बच्ची सैनी के नेतृत्व में थाने पहुंचे और चोरी के खुलासे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। श्यामलाल उर्फ बच्ची सैनी ने मंदिर में हुई चोरी का जल्द से जल्द खुलासा किए जाने की मांग की। इस पर खतौली सीओ आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि मंदिर के आसपास स्थित प्रतिष्ठानों के साथ ही क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में पंकज सैनी, दयानंद सैनी, राकेश सैनी, वीरेंद्र सैनी, ब्रह्मदत्त सैनी, बिरम सिंह सैनी, पंकज सैनी और इरशाद गुर्जर समेत अन्य लोग शामिल रहे।