महिला सिपाही और कमांडो पति की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर कोतवाली में तैनात मुरादनगर के थाना दुहाई निवासी महिला आरक्षी सरिता (28) अपने कमांडो पति गाजियाबाद के ढिंढार निवासी रोहित (30) के साथ शुक्रवार शाम कार से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए गई थी। कार में दंपति के परिवार के ही संदीप पुत्र राजकुमार, उसकी पत्नी रजनी और अंकित पुत्र तेजवीर भी सवार थे। शनिवार तड़के सभी कार से लौट रहे थे। कार रोहित चला रहा था। सुबह करीब छह बजे इनकी कार नेशनल हाईवे पर छपार थाना क्षेत्र में मेदपुर गांव के पास डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर लगने से कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में आरक्षी सरिता की मौके पर ही मौत हो गई। रोहित, संदीप, रजनी और अंकित गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां से गंभीर हालत के चलते सभी घायलों को मेरठ रैफर कर दिया गया। बाद में रोहित की भी मौत हो गई। मृतक कमांडो की नौ वर्ष की बेटी ईशिका दुर्घटना में बाल-बाल बच गई। घटना का पता चलने पर एसएसपी बबलू कुमार ने घटनास्थल पर जाकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मोर्चरी पर दोनों ओर के परिजनों की भीड़ जुट गई थी। मृतका के भाई दीपक ने दुर्घटना को लेकर छपार थाने में तहरीर दी है। शाम को दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
रोहित को आज जाना था वापस
मुजफ्फरनगर। नेशनल हाईवे पर दुर्घटना में मौत का शिकार हुए दंपति में सरिता शहर कोतवाली में आरक्षी थी। दुर्घटना में मौत का समाचार मिलते ही कोतवाली में शोक की लहर दौड़ गई। पूरा स्टाफ घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। कोतवाल पीपी सिंह पूरे दिन साथ मौजूद रहे। सरिता के साथ मौत का शिकार बने रोहित अर्द्धसैनिक बल में कमांडो के पद पर तैनात था। फिलहाल उसकी तैनाती आगरा में थी। छुट्टी लेकर शहर में पत्नी के पास आया हुआ था। अचानक ही रात में हरिद्वार जाने का कार्यक्रम बन गया और दोनों मौत का शिकार हो गए। शनिवार को रोहित को वापस आगरा ड्यूटी पर जाना था।