वोट की चोट से भाजपा को शिकस्त देने का आह्वान1
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिसौली(मुजफ्फरनगर)। भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक किसान मसीहा स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की 86 वीं जयंती लखीमपुर खीरी की घटना में मारे गए किसानों की श्रद्धांजलि सभा के रूप में मनाई गई और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसमें भाकियू कार्यकर्ताओं और किसानों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने आगामी चुनाव में ‘वोट की चोट’ से भाजपा को शिकस्त देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बुधवार सुबह किसान भवन में हवन किया गया। यज्ञ के मुख्य यजमान सुरेंद्र सिंह टिकैत रहे। उनके साथ टिकैत परिवार समेत अनेक लोगों और किसानों ने यज्ञ में आहुति दी। हवन के उपरांत डीएवी इंटर कॉलेज के मैदान में जयंत चौधरी ने महेंद्र सिंह टिकैत की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय प्रो कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसके बाद भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के घेर में श्रद्धांजलि सभा हुई। मंच से सभी ने लखीमपुर खीरी की घटना को क्रूर और शर्मनाक बताते हुए इसकी तुलना जलियावाला बाग से की। वक्ताओं ने मंच से आगामी चुनाव में किसान विरोधी भाजपा सरकार को ‘वोट की चोट’ देने का आह्वान किया। अध्यक्षता देश खाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह ने और संचालन धीरज लाटियान ने किया।
किसान बारूद के ढेर पर बैठा है, परीक्षा की घड़ी: नरेश टिकैत
सिसौली(मुजफ्फरनगर)। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि किसान इस समय बारूद के ढेर पर बैठा है, इस समय हमारी परीक्षा की घड़ी है। किसानों पर अब तक सरकार के सब हथकंडे फेल हुए है।
श्रद्धांजलि सभा में चौधरी नरेश टिकैत ने कहा, देश में जो सरकार है वह निर्लज्ज है, इन्हें शर्म नाम की कोई चीज नहीं है। आप लोगों से ये केवल इसलिए डरते हैं कि ये जानते है ये सब भिरड़ (ततैया) के छत्ते की तरह चिपटते हैं। किसान आंदोलन को फेल करने के लिए सरकार बहुत से हथकंडे अपना चुकी है। सब फेल हो गए हैं। हमारे लोग हर चीज को दिल से लेते हैं।
सुबह ही एक मेरे पास आया बोला राकेश तो भाजपा से मिल गया। लखीमपुर खीरी के मामले में समझौता कर लिया। वहां के किसानों ने परिस्थिति के हिसाब से निर्णय लिया है। मंत्री को हटाने की किसान संगठनों ने मांग रखी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सात दिन का समय दिया गया है। मुकदमें दर्ज हो चुके हैं। सात दिन के बाद किसान संगठन आगे का निर्णय लेंगे। किसान ने हत्याओं की घटनाओं में कोई समझौता नहीं किया है। आरोपियों पर हर हाल में कार्रवाई होगी।
धर्म की अफीम चटा रही भाजपा: युद्धवीर
सिसौली। भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह ने कहा कि भाजपा हमारे कुछ लोगों को धर्म की अफीम चटाकर सत्ता में आई है और हमें हिंदू होने का सर्टिफिकेट भाजपा जारी कर रही है। बाबरी विध्वंस के बाद चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत ने कह दिया था कि वोट के लिए लो राम का नाम तो यह सत्ता में आ गई थी। हमारे लोग सुबह उठकर राम-राम करते हैं और कोई भी काम करने के लिए कहते है लो राम का नाम। क्या इन लोगों का हमसे ज्यादा राम से संबंध हैं। हमारे पूर्वजों ने अपने धर्म को बचाने के लिए 50 युद्ध लड़े हैं। उन्होंने कहा कि सात दिन के अंदर लखीमपुर के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो हम सरकार की ईंट से ईंट बजा देंगे। सरकार किसी भी तरह की गफलत में न रहे। उन्होंने लखीमपुर के सांसद को अपराधी बताया और राजनीति में शिष्टाचार की वकालत की।
किसानों की हत्या ने जलियावाला बाग की याद दिला दी: चंद्रशेखर
सिसौली। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर ने कहा, लखीमपुर की घटना ने जलियावाला बाग की याद ताजा कर दी है। जो अंग्रेजों ने किया वह कार्य इस सरकार के नुमाईंदे कर रहे हैं। एक तरह लखीमपुर में किसानों को रौंदे जाने की इतनी बड़ी घटना हो जाती है तो दूसरी तरफ हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमृत महोत्सव के कार्यक्रम में आ जाते हैं। किसानों पर एक भी शब्द नहीं बोला। जब तक आरोपी केंद्र में मंत्री है किसानों को न्याय नहीं मिल सकता।
हम टिकैत परिवार के साथ: करण चौटाला
सिसौली। हरियाणा से आए करण चौटाला ने कहा कि किसानों के लिए बाबा टिकैत ने हमेशा संघर्ष किया है। हमारे परिवार का उनका पुराना नाता रहा है। आज भी हमारा परिवार टिकैत परिवार के साथ है। हर सुख दुख में हम उनके साथ खड़े नजर आएंगे।
ये भी रहे मौजूद
टिकैत परिवार के अलावा खाप चौधरियों, सपा, रालोद सहित विभिन्न दलों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हवन में आहुति डाली और श्रद्धांजलि सभा को संबोधित किया। हवन में पूर्व विधायक राजपाल बालियान, प्रसन्न चौधरी, पूर्व विधायक धर्मवीर बालियान, पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक लाटियान खाप से वीरेंद्र लाटियान, देश खाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह, बाबा श्याम सिंह बहावड़ी, रविंद्र लॉक, गौरव टिकैत, मास्टर विजय सिंह, सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, राकेश शर्मा, पूर्व विधायक अनिल, सचिन अग्रवाल, बत्तीसा खाप के शौकेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह लाख, पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, रालेाद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, अजीत राठी, सुधीर भारतीय, विकास कादियान, विदित मलिक, दीपक राठी, पराग चौधरी, पूर्व विधायक राव वारिस, नवाजिश आलम, रमानागर, तरसपाल मलिक, कमल गौतम आदि मौजूद रहे।
जयंत हुए भावुक, सुबक पड़े लोग
सिसौली(मुजफ्फरनगर)। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने जब लखीमपुर खीरी के मृतक युवा किसान लवप्रीत के परिवार से मिलने का वृतांत सुनाया तो वह भावुक हो गए। उनका गला भर आया। पूरा वातावरण गमगीन हो गया और भाषण सुन रहे लोगों की आंखे छलक आई और जयंत आगे कुछ बोल ही नहीं पाए।
चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती पर लखीमपुर के किसानों की श्रद्धांजलि सभा में जयंत चौधरी का पूरा भाषण भावनाओं से भरा रहा। वह अपने भाषण से लोगों को अपने पन का अहसास करा गए। जयंत चौधरी ने किसानों को बताया कि वह सरकार की बंदिश के बाद भी लखीमपुर में मृतक किसान लवप्रीत के परिवार से मिलने पहुंचे। 18 साल के युवक को गाडी से रौंद कर मारा गया। परिवार के पास दो एकड़ जमीन है। परिवार किसी तरह अपना गुजारा कर रहा था। लवप्रीत परिवार में अकेला लड़का था, दो उसकी छोटी बहने हैं। मां से बात करने की कोशिश की गई तो वह कुछ बोल ही नहीं पाई केवल रोती रही। जिस मां का इकलौता बेटा चला जाता है उसकी यही हालत होती है। दो छोटी बहने हैं, जब मैने कहा कि बेटा अपने माता-पिता का ख्याल रखना तो वह आंखों में आंसू भरकर बोली अब हम रखेंगे अपने माता-पिता का ख्याल। यह बाते कहते हुए जयंत का गला भर आया, उनकी आंखे नम हो आई। पूरे वातावरण में सन्नाटा सा छा गया। श्रद्धांजलि सभा में बैठे हर व्यक्ति की आंखे नम थी। जयंत इतने भावुक हुए कि वह इसके बाद आगे का भाषण भी नहीं दे पाए। श्रद्धांजलि सभा में जितने भी वक्ता बोले सभी के भाषण का केंद्र लखीमपुर की घटना रहा। किसानों को रौंदकर मारने का हर किसी ने जिक्र किया।

मुजफ्फरनगर : सिसौली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते जयंत चौधरी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

मुजफ्फरनगर : सिसौली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते चौधरी नरेश टिकैत।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

मुजफ्फरनगर : सिसौली में बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देते जंय?- फोटो : MUZAFFARNAGAR

मुजफ्फरनगर : सिसौली के किसान भवन में श्रद्धांजलि देते रालोद राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

मुजफ्फरनगर : सिसौली में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

मुजफ्फरनगर : सिसौली में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मौजूद जयंत चौधरी, नरेश टिकैत और खाप चौधरी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सिसौली में आयोजित श्रद्धांजलि सभा मे मंचासीन रालोद राष्ट्रीय अध्यक्ष जंयत चौधरी, चौधरी नरेश टि?- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सिसौली में आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान पेड़ पर बैठे लोग।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

सिसौली में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को मोबाइल में कैद करता नन्हा बालक।- फोटो : MUZAFFARNAGAR

खतौली में बाबा महेंद्र सिंह टिकैत का जन्मदिन मनाते हुए किसान।- फोटो : MUZAFFARNAGAR