भीम आर्मी का खतौली थाने पर प्रदर्शन
खतौली। आर्यपुरी भूड़ पर एक युवक के साथ मारपीट करने के मामले में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने थाने पर प्रदर्शन करते हुए मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को गौरव पर हमले के विरोध में थाने पर हंगामा-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने के आरोप लगाए। कार्यकर्ताओं ने एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी से कार्रवाई की मांग की है। मुकदमा दर्ज करने के साथ ही आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होने पर भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने आंदोलन करने की चेतावनी दी। एसपी सिटी ने इंस्पेक्टर को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने गौरव की ओर से हर्ष, अतुल के खिलाफ हमले मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गांव में दबिश देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की, लेकिन वह घर से फरार मिले। प्रदर्शनकारियों में अमित कुमार, अंकुर मेघवाल, दिनेश कुमार, हरिओम, सचिन, राहुल, रवि आदि शामिल रहे।