देवबंद। श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मेला पंडाल में कव्वाली कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें प्रसिद्ध कव्वालों के बीच हुई जुगलबंदी ने समां बांध दिया। भोर होने तक चले कार्यक्रम का श्रोताओं ने जमकर आनंद लिया।
मंगलवार की रात्रि हुए कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी मो. आकिल ने फीता काटकर, जबकि त्रिवेणी शुगर मिल के यूनिट हेड पुष्कर मिश्रा ने शमा रोशन कर किया। अध्यक्षता उद्यमी अय्यूब ने की। नैनीताल से आए प्रसिद्ध कव्वाल यूसुफ मलिक ने अपनी मशहूर कव्वाली मुझे याद आते हैं नबी-नबी सुनाई तो श्रोता जमकर झूमे। जिसके बाद उन्होंने श्रोताओं की फरमाइश पर एक के बाद एक कव्वाली सुनाई। बनारस की महिला कव्वाल मीना नाज वारसी ने दमा दम मस्त कलंदर, कैसे बेदर्द आशिक हैं और इनको अपना बनाना गजब हो गया आदि कव्वाली सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान कव्वालों के बीच कव्वाली का शानदार मुकाबला भी हुआ। कार्यक्रम में पुष्कर मिश्रा, इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा, मेला चेयरमैन मनोज सिंघल, हिंदू युवा वाहिनी के मंडल अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, पालिका सभासद शराफत मलिक, डॉ. शमीम देवबंदी को प्रतीक चिह्न देकर अभिनंदन किया गया। संयोजक मोईन सिद्दीकी, आबाद अली व फहीम उस्मानी ने सभी का आभार जताया। इसमें शहाब नबी, दिलशाद चार्ली, जीशान नजमी, जर्रार बेग, आनंद प्रकाश वर्मा, मुमताज अहमद, सैयद हारिस, धीरज कुमार, हाजी अब्बास अली आदि मौजूद रहे।

मेला पंडाल में हुए कार्यक्रम में कव्वाली सुनाते प्रसिद्ध कव्वाल युसूफ मलिक- फोटो : DEVBAND