छपार (मुजफ्फरनगर)। राजस्व विभाग व पुलिस ने डीएम के आदेश पर गो तस्कर की अवैध रूप से अपने व पत्नी के नाम क्रय की गई लाखों की संपत्ति को सीज कर दिया। राजस्व विभाग के अधिकारियों के अलावा कई थानों की फोर्स के साथ पुलिस ने ढोल बजाकर और लाउडस्पीकर से बुनादी कराकर संपत्ति को कुर्क किया गया।
पुलिस के अनुसार कसबा छपार निवासी गौ तस्कर इमरान पुत्र नाजिर बीते 17 वर्षों से गो तस्करी में लिप्त था। आरोपी के विरुद्ध छपार थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। गो तस्करी कर उसने अपने व अपनी पत्नी साजिदा के नाम छपार में 300 गज प्लाट और सात बीघा जमीन सहित लगभग 50 लाख रुपये की संपत्ति अर्जित कर रखी है। रविवार को छपार थाना प्रभारी निरीक्षक पवन शर्मा ने चरथावल, पुरकाजी थानों की फोर्स व नायब तहसीलदार योगेश त्यागी, कानूनगो अमीन अहमद के साथ ढोल बजाकर मुनादी कराई। लाउडस्पीकर बजाकर इमरान के घेर में पहुंचे। वहां पर लगे ताले तोड़कर अपने ताले लगाकर ग्राम प्रधान के पति जाकिर की मौजूदगी में संपत्ति कुर्क के बोर्ड लगाए। इसके अलावा पुलिस ने दो जगह अलग-अलग जमीनों व घर भी संपत्ति को 14(1) की कार्यवाही के तहत कुर्क के बोर्ड लगाकर सीज कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रविवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे के आदेश पर नायब तहसीलदार व कानूनगो की मौजूदगी में कार्यवाही की गई है। इस दौरान चरथावल एसएसआई प्रमोद गिरी, उप निरीक्षक सुनील नागर, इंतजार अहमद, बिजेंद्र शर्मा, रविंद्र कसाना आदि मौजूद रहे।