अमर उजाला स्वास्थ्य अभियान : मम्मी-पापा ने हिम्मत बढ़ाई, खुशी-खुशी वैक्सीन लगवाई, टीका लगते ही दूर हो गया भय और भ्रम
मुजफ्फरनगर में शुक्रवार को टीकाकरण केंद्र बनाए गए स्वामी कल्याण देव जिला अस्पताल के आयुष भवन में बच्चों की आवाजाही रही। बड़ी संख्या में यहां बच्चे टीकाकरण के लिए पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
होली की छुट्टियों के बाद बच्चों का टीकाकरण रफ्तार पकड़ने लगा है। पहले दिन की तुलना में नौ गुणा तेजी से बच्चों को सुरक्षा कवच के रूप में टीका लगाया जा रहा है। मन में संशय के साथ केंद्रों पर पहुंच रहे बच्चे वैक्सीनेशन के बाद उत्साह से घर लौट रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा स्कूलों में टीम भेजकर टीके लगाए जा रहे हैं।
शुक्रवार को टीकाकरण केंद्र बनाए गए स्वामी कल्याण देव जिला अस्पताल के आयुष भवन में बच्चों की आवाजाही रही। मोती महल से पहुंचे कक्षा आठ के छात्र उदय चौहान ने बताया कि मन में कहीं न कहीं संशय जरूर था, लेकिन मम्मी-पापा ने हिम्मत बढ़ाई। टीकाकरण के बाद वह खुश है।
नई मंडी में रहने वाली कक्षा सात की छात्रा मान्या जैन अपने पिता अमित जैन के साथ पहुंची। मान्या ने बताया कि उन्होंने स्कूल में टीकाकरण नहीं कराया था। घर पर पापा ने टीके के लाभ बताए। इसके बाद वह अस्पताल पहुंची और टीका लगवाया।
रामपुरी की कनव गोयल अपने पिता के साथ अस्पताल पहुंची। कक्षा सात की छात्रा ने बताया कि वह टीकाकरण को लेकर खुश है। टीके की वजह से ही कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर बेअसर साबित हुई है।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला स्वास्थ्य अभियान : उत्साह से लबरेज दिखे बच्चे, मेरठ में छह दिन में 6001 ने लगवाया बचाव का टीका
पटेल कन्या में टीकाकरण के लिए दिखा जोश
उच्व प्राथमिक विद्यालय पटेल कन्या में स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचते ही छात्राओं के बीच टीकाकरण को लेकर उत्साह दिखा। कक्षा सात की छात्रा मन्तशा ने बताया कि पहले डर लग रहा था, लेकिन टीका लगने का पता भी नहीं चला। टीकाकरण की शुरूआत हुई तो यहां छात्राओं की कतार लग गई। सबके चेहरे खिले हुए थे। छात्रा अलीना का कहना है कि बीमारियों को भगाने के लिए यह टीका बनाया गया है।
टीकाकरण की राह में ये मुश्किलें भी
- अभियान 16 मार्च से शुरू हुआ, इसके बाद होली की छुट्टियां हो गईं।
- 21 मार्च से अभियान दोबारा शुरू किया गया, तो टीकाकरण बढ़ा।
- 24 मार्च से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुईं, जिस कारण कुछ स्कूलों में अभियान धीमा।
किस दिन बच्चों को लगे कितने टीके
तिथि टीकाकरण
16 मार्च 270
21 मार्च 692
22 मार्च 1760
23 मार्च 2734
24 मार्च 2678
तय किया 1.17 लाख बच्चों का लक्ष्य
सीएमओ डॉ. महावीर सिंह फौजदार का कहना है अभिभावकों ने जागरूकता दिखाई है। अभियान तेजी पकड़ने लगा है। बच्चे भी उत्साहित है। जिले के एक लाख 17 हजार 555 बच्चों को टीके लगाए जाने का लक्ष्य मिला है।