खतौली। गंगनहर पर पिकनिक प्वाइंट बनाने तथा सुंदरीकरण कराने के कार्य का शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल व विधायक विक्रम सैनी ने किया। मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की ओर से किए जाने वाले इस कार्य में करीब 40 लाख की लागत आएगी।
प्रशासन ने शुक्रवार की सुबह कार्य के शुभारंभ के लिए हवन यज्ञ कराया। गंगनहर पर पिकनिक प्वाइंट बनाने और सुंदरीकरण कराने के कार्य का शुभारंभ राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल व विधायक विक्रम सैनी ने किया। इस दौरान डीएम कुमारी सेल्वा जे ने इस कार्य के बारे में एसडीएम अजय कुमार अंबष्ट और सीओ आशीष प्रताप सिंह से जानकारी ली। बता दें कि कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद एसडीएम व सीओ ने गंगनहर पर नगर व क्षेत्र की जनता के लिए पिकनिक प्वाइंट बनवाने की घोषणा की थी। विधायक विक्रम सैनी ने भी इसके लिए सहयोग करने का आश्वासन दिया था। एसडीएम व सीओ के प्रयासों से इस कार्य का शुभारंभ हो सका है। इस मौके पर इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी, विधायक प्रतिनिधि पंकज भटनागर, भावेश गुप्ता, संजीव मिश्रा, सुधीश पुंडीर, बृजेश ठाकुर, उमेश कुमार, अरविंद शर्मा, शुभम ठाकुर आदि उपस्थित रहे।