मीरापुर। पुलिस ने देर रात पशुओं से लदा ट्रक पकड़ लिया। मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि उनके तीन साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने पंजाब से बंगाल ले जाए जा रहे 32 पशुओं को बरामद किया है।
पुलिस रविवार देर रात बिजनौर रोड स्थित बाईपास पर चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान पुलिस को एक ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक रुकवाकर चेकिंग की तो पशु बरामद हुए। मौके पर शमीम पुत्र अब्दुल गफ्फार, नवाज पुत्र बाबू निवासी मुरादाबाद, साजिद पुत्र यूसुफ निवासी हरिद्वार, इकरार पुत्र मेहर अली, मेहरबान पुत्र जहूर निवासी बघरा पकड़े गए, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि इन पशुओं को पंजाब से बंगाल ले जाया जा रहा था। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है। पुलिस ने फरार तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है।