1592 आवेदकों ने छोड़ी नवोदय की प्रवेश परीक्षा
मुजफ्फरनगर। जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा से 1592 आवेदक अनुपस्थित रहे। जनपद में दस केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात रहा। जिले भर में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा शनिवार को जिले के दस केंद्रों पर आयोजित की गई। डीआईओएस गजेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा में कुल 3874 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। इनमें से 2282 उपस्थित रहे, जबकि 1592 ने परीक्षा छोड़ दी। कुल उपस्थिति 58.9 प्रतिशत रही। परीक्षा सुबह 11.30 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक चली। छात्रों को एक घंटा पहले केंद्र पर बुलाया गया था। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था रही। सभी छात्र-छात्राएं अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे थे। परीक्षा देकर बाहर निकलते हुए छात्र बेहद खुश नजर आए। छात्र अनिकेत ने बताया कि प्रश्नपत्र आसान था। रीजनिंग के सवाल काफी अच्छे थे, जबकि मैथ को सॉल्व करने में थोड़ी दिक्कत हुई। छात्रा प्रिंसी, बबली, छात्र शिवम अपने चयन को लेकर पूरी तरह आश्वस्त दिखे।

नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देकर परीक्षा केद्र से बाहर आते विद्यार्थी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR