23 घंटे बाद टावर से उतरा युवकः बोला- पार्षद को बुलाओ, उनके साथ कार में जाऊंगा, सुरक्षा में चाहिए सिपाही
- टावर पर खाना खाया और पानी पीया, सवा 23 घंटे बाद बिजली के टावर से नीचे उतरा मनोज
- मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे टावर पर चढ़ा था, पुलिस ने केस दर्ज कर भेजा जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कटघर थाना क्षेत्र के बल्देवपुरी में मंगलवार सुबह 10.30 बजे बिजली के टावर पर चढ़ने वाला युवक मनोज सवा 23 घंटे बाद बुधवार सुबह पौने दस बजे नीचे उतरा। इसने पहले उसने टावर पर ही खाना खाया और पानी पिया। इसके बाद उसने क्षेत्रीय पार्षद के साथ कार में बैठकर घर जाने और सुरक्षा में दो सिपाहियों की मांग रखी। बड़ी मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा गया। बिजली विभाग के जेई की ओर से मनोज के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। पुलिस ने उसका चालान कर दिया गया है।
कटघर के बल्देवपुरी बसंत विहार निवासी मनोज उर्फ सागर पुत्र रामौतार मंगलवार सुबह दस बजे मुरादाबाद से रामपुर जाने वाली 220 केवी लाइन के टावर पर चढ़ गया था। सुबह से शाम और शाम से रात तक युवक को नीचे उतारने का प्रयास किया गया, लेकिन युवक नीचे नहीं उतरा था। बुधवार सुबह फिर से मनोज को नीचे उतारने का प्रयास किया गया।
उसने पहले खाना और पानी की मांग की। उसने टावर पर ही खाना खाया और पानी पिया। इसके बाद उसने कहा कि तब नीचे उतरेगा जब क्षेत्रीय पार्षद रानी सैनी आएंगी। इसके बाद रानी सैनी भी आ गईं। इसके बाद मनोज ने कार और सुरक्षा में दो सिपाही भेजने की मांग रखी। उसने कहा कि भीड़ मेरे साथ मारपीट कर सकती है। युवक पौने दस बजे नीचे उतरा और पार्षद के साथ उनकी कार में बैठ गया। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। सीओ कटघर पूनम सिरोही ने बताया कि युवक के खिलाफ बिजली विभाग के अवर अभियंता निहाल सिंह ने कटघर थाने में बिजली पोल पर चढ़कर विद्युत आपूर्ति बाधित कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की धाराओं में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने उसका चालान कर दिया है।
पुलिस की जांच में निकला ये मामला
मुरादाबाद। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मनोज उर्फ सागर के पिता रामौतार ने अपने मकान का सौदा उसी मोहल्ले में रहने वाले एक व्यक्ति से कर दिया था। जांच में ये भी बात सामने आई है कि 50 हजार रुपये एडवांस में दिए थे। मनोज पचास हजार रुपये खर्च कर चुका थ। अब बैनामा करने में भी आनाकानी करने लगा था। मंगलवार को मकान खरीदने वाला व्यक्ति उसके घर पहुंचा और बैनामा कराने के लिए कहा तो वह टावर पर चढ़ गया था। एडवांस में 50 हजार रुपये दिए थे तब ही शपथ पत्र पर अंगूठा लगवाया गया था।
पांच विभाग, दस अधिकारी और पचास कर्मियों को खूब छकाया
बल्देवपुरी निवासी मनोज उर्फ सागर ने पांच विभाग के दस अधिकारी और पचास कर्मियों को करीब चौबीस घंटे खूब छकाया। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे टावर पर उसके लिए पानी की बोतल रखी गई थी। शायद पानी पीने आएगा। हुआ भी कुछ ऐसा ही पानी की बोतल लेने नीचे आया। तब पुलिस कर्मी इधर-उधर छिप गए थे, लेकिन पानी की बोतल उठाने के बाद वह दोबारा ऊपर चढ़ गया था। पुलिस, प्रशासनिक, नगर निगम, बिजली विभाग और दमकल विभाग के दस अधिकारी और पचास कर्मी युवक को नीचे उतारने में लगे रहे, लेकिन वह नीचे नहीं उतरा था। बुधवार को नीचे आया।
पिता ने किया होगा सौदा, मैंने न पैसे लिए और न ही खर्च किए
मुरादाबाद। सवा 23 घंटे टावर पर गुजारने के बाद नीचे उतरे युवक मनोज ने कहा कि उसने अपने मकान का कोई सौदा नहीं किया था। मेरे पिता ने ही सौदा किया होगा। मैंने कोई पैसा खर्च नहीं किया है। मुझे बार-बार परेशान किया जा रहा था। इसलिए टावर पर चढ़ गया था।
बिजली आपूर्ति बाधित करने में भेजा गया जेल
बिजली विभाग अवर अभियंता निहाल सिंह की ओर से मनोज उर्फ सागर के खिलाफ केस दर्ज किया है। उस पर आरोप है कि वह टावर चढ़ गया था। जिसकी वजह मुरादाबाद रामपुर 220 केवी लाइन बाधित हो गई थी। मनोज के खिलाफ बिजली आपूर्ति बाधित कर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने में चालान किया गया है।