मुरादाबाद। रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर विजिलेंस टीम ने छापा मार दिया। जिससे रेलवे कर्मचारी और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इससे पहले टीम ने दिल्ली से लेकर मुरादाबाद तक दो ट्रेनों में छापा मारा था। यात्रियाें से टिकट चेक किए थे। हालांकि इस दौरान न तो कोई बिना टिकट यात्री मिला और न ही टीटीई के पास अतिरिक्त रकम मिली थी। टीम करीब चार घंटे तक यहां मौजूद रही। इसके बाद शाम सवा चार बजे श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ गई। टीम ने लखनऊ तक इस ट्रेन के कई कोच चेक किए।
रेलवे को भ्रष्टाचार मुक्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए विजिलेंस टीम रेलवे स्टेशन, ट्रेनों, टिकट विंडो, पार्सल कार्यालय पर ताबड़तोड़ छापे मारी कर रही है। पिछले दिनों टीम ने रेलवे अस्पताल भी छापा मारा था। अस्पताल में आरआरबी की ओर से भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के मेडिकल परीक्षण के दौरान घूस लेने की शिकायत मिली थी। टीम यहां से दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले ली थी। गुरुवार दोपहर फिर रेलवे विजिलेेंस की टीम मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो हड़कंप मच गया। रेलवे अस्पताल, डीआरएम कार्यालय और रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी व अधिकारियों में बेचैनी रही। शाम सवा चार बजे चार सदस्यीय टीम नई दिल्ली से राजगिर जा रही श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हो गई। सूत्रों का दावा है कि टीम ने मुरादाबाद से लेकर लखनऊ तक कई कोचों को चेक भी किया। एडीआरएम अश्वनी कुमार का कहना है कि उन्हें विजिलेंस टीम के मुरादाबाद आने की जानकारी नहीं है।