UP: मुरादाबाद हवाई अड्डे से उड़ान की तैयारी पूरी, पहली सेवा लखनऊ के लिए होगी, एयरपोर्ट पर बढ़ने लगी हलचल
मुरादाबाद हवाई अड्डे पर जिन कर्मचारियों और पायलटों को सेवाएं देनी हैं उनका चयन कर लिया गया है। लोकार्पण की घोषणा के बाद कंपनी कर्मचारियों को तैनात कर देगी। शासन से हरी झंडी मिलते ही फ्लाइट शुरू हो जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद हवाई अड्डे से विमान के उड़ान भरने की तैयारियां जोरों पर हैं। निजी कंपनी बिग चार्टर 15 दिन के भीतर रनवे पर टेकऑफ व लेंडिंग का ट्रायल कर सकती है। टेकऑफ से पहले स्पेशल एयरक्राफ्ट लगभग तीन किमी लंबे रनवे पर 200 किमी प्रतिघंटा से ज्यादा की गति से दौड़ेगा। इसके बाद लखनऊ की ओर उड़ान भरेगा।
इंडोनेशिया के पायलट इसे चलाएंगे, वहीं ट्रायल के समय हवाई अड्डे पर बने एटीसी टॉवर से एक टीम विमान को मॉनीटर करेगी। कुछ दूर जाकर विमान वापसी करेगा और धीरे धीरे रनवे की सतह पर लेंड करेगा। लेंडिंग में रनवे की सतह का घर्षण विमान के पहियों की मदद करेगा।
डेढ़ किमी चलने के बाद धीरे से विमान के ब्रेक लगेंगे और वह रुक जाएगा। ऑपरेशनल एरिया के शुरुआती बिंदु पर पायलट उतरेंगे और ट्रायल पूरा हो जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सारी तैयारी कर ली है। अब निजी कंपनी अपने संसाधन एकत्र कर रही है।
मुरादाबाद हवाई अड्डे पर जिस स्टाफ व पायलटों को सेवाएं देनी हैं, उनका चयन कर लिया गया है। लोकार्पण की घोषणा के बाद कंपनी अपना स्टाफ तैनात कर देगी। शासन से हरी झंडी मिलते ही मुरादाबाद से फ्लाइट शुरू हो जाएगी। पहली फ्लाइट से सप्ताह भर पहले बुकिंग के लिए वेबसाइट खुल जाएगी।
पहली उड़ान लखनऊ व कानपुर के लिए होगी। प्रथम चरण में दो विमान लखनऊ व कानपुर से आवागमन के लिए लगाए जाएंगे। संभावना है कि ट्रायल भी 19 सीटर विमान से ही किया जाएगा।
एटीसी टावर से जुड़ा है सभी हवाई अड्डों का संपर्क
हवाई अड्डे पर बनाए गए एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर का कनेक्शन देश के सभी घरेलू व अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों से जुड़ा है। हवाई मार्ग में किसी भी बाधा व परेशानी के आने पर टीम एक दूसरे से संपर्क करती है। मुरादाबाद के एटीसी टावर में दिल्ली के इंदिरा गांधी व सफदरजंग हवाई अड्डे से कनेक्टिविटी चेक भी की जा चुकी है। एएआई की टीम समय समय पर इसे चेक करती रहती है।
लोगों को मिलेगी सस्ती फ्लाइट की सुविधा
विभागीय जानकारों का कहना है कि फ्लाइट का किराया ट्रेन के किराये जितना ही होगा। मुरादाबाद से लखनऊ के लिए राजधानी एक्सप्रेस में किराया लगभग 2000 रुपये है। विमान में भी 2200 रुपये तक में सफर की सुविधा मिल सकती है।
इसके अलावा कानपुर तक का किराया 2500 से 2800 तक हो सकता है। हालांकि एएआई या निजी कंपनी की ओर से अभी किराये की सूची जारी नहीं की गई है। बरेली हवाई अड्डे की किराया सूची के मुताबिक विभाग के लोगों ने यह अनुमान बताया है।
निजी कंपनी जल्द ही हवाई अड्डे पर अपना ट्रायल करेगी। लोकार्पण के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। इसकी सूचना शासन की ओर से ही जारी जाएगी। उसके मुताबिक सभी इंतजाम होंगे। - संदीप कुमार, एयरपोर्ट निदेशक