Passing out parade: यूपी पुलिस को मिले 8362 दरोगा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में ली परेड की सलामी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अकादमी में महिला प्रशिक्षु दरोगाओं की पासिंग आउट परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि ने सर्वश्रेष्ठ कैडेटों को सम्मानित भी किया। इस कार्यक्रम का 11 जगहों पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
विस्तार
डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी में शनिवार सुबह पासिंग आउट परेड के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस को 749 दरोगा मिल गए। परेड की सलामी बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ली। पुलिस अकादमी के निदेशक राजीव सभरवाल ने शपथ दिलाई।
इसके अलावा पीटीएस (पुलिस ट्रेनिंग स्कूल) में 889 महिला दरोगा की पासिंग आउट परेड की सलामी एडीजी ए सतीश गणेश ने ली, जबकि पीटीसी (पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज) में एडीजी अमित चंद्रा ने 1126 दरोगाओं को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कुल मिलाकर 2764 दरोगा यूपी पुलिस को मिले हैं।
इसी दौरान सर्वांग सर्वाेत्तम कैडेट को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण करने के बाद शनिवार सुबह 749 प्रशिक्षु दरोगा और उनके परिजनों के लिए वह घड़ी आ गई, जिसका वह एक साल से इंतजार कर रहे थे।
सब इंस्पेक्टर की फुल ड्रेस में परेड ग्राउंड में पहुंचे प्रशिक्षु दरोगाओं की सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में पासिंग आउट परेड हुई। सीएम ने परेड की सलामी ली। प्रशिक्षु दरोगाओं की 14 टोलियां सीएम के सामने से गुजरीं तो परेड ग्राउंड नए दरोगाओं के कदमताल से गूंज उठा।
इस बीच अतिथि दीर्घा में बैठे प्रशिक्षु दरोगाओं के परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह भी तालियां बजाने से खुद को रोक नहीं पाए। सीएम योगी आदित्यनाथ ने देवरिया निवासी सर्वांग सर्वोत्तम चंदन कुमार मिश्रा को सम्मानित किया।
पुलिस अकादमी के निदेशक एडीजी राजीव सभरवाल ने शपथ दिलाई। उधर, पीटीसी में एडीजी अमित चंद्रा ने परेड की सलामी ली और 1126 दरोगाओं के नए बैच को सत्य निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने सर्वांग सर्वाेत्तम रायबरेली निवासी आशीष सिंह को सम्मानित किया।
पीटीएस में 889 महिला दरोगाओं की पासिंग आउट परेड हुई। जिसकी सलामी एडीजी ए सतीश गणेश ने ली और शपथ दिलाई। एडीजी ने गाजीपुर निवासी सर्वांग सर्वाेत्तम हर्षिता सिंह को सम्मानित किया गया। इस दौरान डीजी ट्रेनिंग तिलोत्तमा वर्मा, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, एडीजी बरेली जोन पीसी मीना, एसएसपी हेमराज मीना समेत अन्य अधिकारी मौजूद भी रहे।
यूपी के 11 प्रशिक्षण संस्थानों में हुआ लाइव प्रसारण
डॉ. बीआर आंबेडकर पुलिस अकादमी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशिक्षु दरोगाओं को संबाेधित किया। उनका संबोधन मुरादाबाद के तीनों प्रशिक्षण केंद्रों समेत उत्तर प्रदेश के 11 पुलिस प्रशिक्षण केंद्रों में लाइव प्रसारित किया गया। पीटीसी, पीटीएस मुरादाबाद के अलावा पीटीसी सीतापुर, एटीसी सीतापुर, पीटीएस गोरखपुर, पीटीएस जालौन, एपीटीसी चुनार, पीटीएस सुल्तानपुर, पीटीएस उन्नाव में लाइव प्रसारण होगा। सभी 11 प्रशिक्षण केंद्रों पर शनिवार को हुई पासिंग आउट परेड के बाद 8264 दरोगा पुलिस का हिस्सा बने। इनमें 1618 महिला दरोगा शामिल हैं।