UP: मुरादाबाद से लखनऊ और कानपुर के लिए सीधी होगी हवाई यात्रा, अगले साल 15 जनवरी से शुरू हो सकती से सेवा
मुरादाबाद से नए साल पर हवाई सेवा शुरू हो जाएगी। स्थानीय हवाई अड्डे से उड़ान के लिए कुछ समय लाइसेंस जारी हो चुका है। इसके बाद विमानन सेवा प्रदाता कंपनी बिग चार्टर के अधिकारी पायलट सहित रनवे का जायजा ले चुके हैं।
विस्तार
हवाई अड्डे को लाइसेंस मिलने के बाद अब उड़ान की तैयारी भी लगभग पूरी हो चुकी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधिकारियों के बीच बैठकों का दौर जारी है। 15 जनवरी 2024 को उड़ान शुरू होने की प्रस्तावित तारीख माना जा रहा है।
यानी नए साल पर महानगर के लोगों को सौगात मिल सकती है। लाइसेंस मिलने के बाद विमानन सेवा प्रदाता कंपनी बिग चार्टर के अधिकारी पायलट सहित रनवे का जायजा ले चुके हैं। उड़ान शुरू होने से पहले निजी कंपनी द्वारा एयरक्राफ्ट उतार कर ट्रायल किए जाने की चर्चाएं थीं। लेकिन अब एएआई ने स्पष्ट कर दिया है कि कंपनी कोई ट्रायल नहीं करेगी।
मध्य जनवरी से सीधे लखनऊ और कानपुर के लिए उड़ान शुरू हो सकती है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय की जिम्मेदारी सीएम योगी के पास होने के कारण सभी अधिकारी इसे गंभीरता से ले रहे हैं। ज्यादातर अधिकारियों की सहमति 15 जनवरी से उड़ान शुरू करने को लेकर है। हालांकि शासन की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है।
किराया तय नहीं, 19 सीटर होगी उड़ान
शुरुआती चरण में मुरादाबाद हवाई अड्डों से लखनऊ और कानपुर के लिए उड़ान होगी। जो 19 सीटर का हवाई जहाज होगा। हालांकि अभी किराया तय नहीं किया गया है। लेकिन 1800 से 2000 रुपये तक होने की उम्मीद है।
एएआई के पास रहेगा प्रबंधन का जिम्मा
विभागीय जानकारों का कहना है कि नए साल तक निजी कंपनी हवाई अड्डे पर अपना स्टाफ तैनात कर देगी। पायलट व एयरक्राफ्ट भी हवाई अड्डे पर भेज दिए जाएंगे। प्रबंधन का जिम्मा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के स्थानीय अधिकारियों के पास ही रहेगा। प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों के पर्यवेक्षण में यह सारा कार्य होगा।
एएआई और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के बीच वार्ता जारी है। अगर शासन से अनुमति मिल जाती है तो 15 जनवरी से हवाई अड्डे से उड़ान शुरू हो सकते है। - संदीप कुमार, एयरपोर्ट डायरेक्टर