Moradabad: दो मूर्ति कर दी खंडित, ग्रामीणों ने काटा जमकर हंगामा, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मूर्तियों को खंडित करने के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी जांच जारी है।
विस्तार
मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर पच्तोर के धार्मिक स्थल में शनिवार रात करीब नौ बजे दो मूर्तियों को गांव के ही दो युवकों ने खंडित कर दिया। इस पर आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर सीओ भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने गांव के ही दो आरोपी भूपाल और गजेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार रात करीब नौ बजे दो शराबियों ने मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर पच्तौर में धार्मिक स्थल में दो मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
रविवार सुबह पुजारी मंदिर में पूजा करने गए तो उनको मूर्तियां क्षतिग्रस्त मिलीं। जानकारी होने पर कुछ ही देर में मंदिर में लोगों की भीड़ जुट गई और आक्रोशित लोग हंगामा कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर सीओ राजेश कुमार पुलिस टीम के पास मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों ने सीओ से धार्मिक स्थल में नई मूर्तियां स्थापित कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि गांव में धड़ल्ले से कच्ची शराब बिक रही है। साथ ही गांव में जुआ भी खेला जा रहा। इससे गांव में नशेड़ियों की संख्या बढ़ रही है, जिसके चलते यह घटना सामने आई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस का इस ओर ध्यान नहीं है। सीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। मंदिर के पुजारी भगत दास निवासी मोहल्ला दानिश मंदान अमरोहा की तहरीर पर पुलिस ने गांव निवासी भूपाल व गजेंद्र के खिलाफ मूर्तियां क्षतिग्रस्त करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने नशे की हालत में पुजारी भगवान दास व पुजारी रामदास को मंदिर में मूर्तियों को तोड़ने की चेतावनी दी थी, दोनों को रात में ही पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन दोनों भाग गए थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मैनाठेर में बढ़ रही हैं मूर्तियों से खंडित करने की घटनाएं
धार्मिक स्थलों में मूर्तियों को खंडित करने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वहीं लोगों का आरोप है कि पुलिस भी कार्रवाई करने को लेकर गंभीर नहीं है। रविवार को क्षेत्र के गांव हुसैनपुर पच्तौर के धार्मिक स्थल में मूर्तियों को खंडित कर दिया गया। इससे पहले नरौदा गांव में मूर्तियों को खंडित कर दिया गया।
वहीं सोनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम आजम नगर चौपड़ा में इसी तरह से मूर्ति खंडित करने की घटना सामने आ चुकी है। कुछ दिन पहले मैनाठेर थाने के ही नूरपुर गांव के पार्क में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा भी शरारती तत्वों ने खंडित कर दी थी।