Moradabad Airport: देहरादून की फ्लाइट शुरू होने पर आधे हो जाएंगे लखनऊ के फेरे, कंपनी के पास है विमान की कमी
फ्लाई बिग कंपनी के विमानों की कमी के कारण मुरादाबाद से देहरादून के लिए फ्लाइट शुरू होने पर लखनऊ के फेरे घट जाएंगे। देहरादून फ्लाइट के लिए अभी सरकारी अनुमति नहीं मिली है। खराब मौसम के कारण नवंबर में लखनऊ की फ्लाइट का समय बदलकर सप्ताह में तीन दिन कर दिया गया है।
विस्तार
फ्लाई बिग कंपनी के पास विमानों की किल्लत खत्म नहीं हो रही है। यदि मुरादाबाद से देहरादून के लिए फ्लाइट शुरू हुई तो लखनऊ के लिए सप्ताह में तीन दिन ही विमान उड़ेगा। कंपनी एक ही विमान से लखनऊ व देहरादून की फ्लाइट संचालित करेगी।
हालांकि, देहरादून की उड़ान के लिए अब तक सरकार से अनुमति नहीं मिल पाई है। शनिवार को एयरलाइंस ने देहरादून से मुरादाबाद तक फ्लाइट का ट्रायल जरूर किया था। कंपनी का कहना है कि फिलहाल खराब मौसम के कारण देहरादून की फ्लाइट शुरू होने की संभावना नहीं है।
भविष्य में फ्लाइट शुरू होगी तो लखनऊ के फेरे घटकर आधे हो जाएंगे। मुरादाबाद से गाजियाबाद व कानपुर एयरपोर्ट को जोड़ने की भी योजना बन रही है। इसके लिए कंपनी ने अलग प्लान बनाया है। गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से विमान मुरादाबाद आएगा।
इसके बाद वही विमान मुरादाबाद के कानपुर जाएगा। इस योजना पर भी मंथन चल रहा है। शासन से अनुमति मिलनी बाकी है। कंपनी के आला अधिकारियों के मुताबिक मुरादाबाद से बठिंडा के लिए भी भविष्य में विमान उड़ान भरेगा। हालांकि, विमानों की संख्या कम होने के कारण योजना हवा-हवाई साबित हो रही है।
एक माह तक लखनऊ की फ्लाइट का समय बदला
खराब मौसम के कारण फ्लाई बिग ने लखनऊ की फ्लाइट के फेरे घटा दिए हैं। पहले सप्ताह में छह दिन फ्लाइट संचालित हो रही थी। अब इसे घटाकर मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार कर दिया गया है। अब एक माह तक लखनऊ की फ्लाइट का समय मुरादाबाद से सुबह 9:35 बजे की बजाय दोपहर 12:40 बजे कर दिया गया है।
नवंबर में यही व्यवस्था लागू रहेगी। दिसंबर का शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है। कंपनी का कहना है कि यदि एयरपोर्ट पर आईएलएस लग जाए तो दृश्यता की समस्या दूर हो सकती है।
फिलहाल देहरादून की उड़ान के लिए सरकार से अनुमति नहीं मिल पाई है। 2025 की शुरुआत में यह फ्लाइट शुरू हो सकती है। इसके शुरू होने पर सप्ताह में तीन या चार दिन लखनऊ व तीन दिन देहरादून के लिए विमान उड़ेगा। - राजेश कुमार, एजीएम, फ्लाई बिग