{"_id":"671976d0e0dc5a3241009664","slug":"the-plane-remained-in-the-air-for-an-hour-returned-to-lucknow-without-landing-moradabad-news-c-15-1-mbd1044-507723-2024-10-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"एक घंटा हवा में रहा विमान: मुरादाबाद में बिना लैंडिंग लखनऊ लौटा...एडीजी भी कर रहे थे सफर, धुंध को बताया कारण","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एक घंटा हवा में रहा विमान: मुरादाबाद में बिना लैंडिंग लखनऊ लौटा...एडीजी भी कर रहे थे सफर, धुंध को बताया कारण
Thu, 24 Oct 2024 03:51 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
Updated Thu, 24 Oct 2024 03:51 AM IST
सार
मुरादाबाद एयरपोर्ट पर धुंध और आईएलएस प्रणाली की कमी के कारण विमान लैंड नहीं हो पाया और लखनऊ लौटना पड़ा। धुंध के चलते अब मुरादाबाद-लखनऊ फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन ही चलेगी। मुरादाबाद से देहरादून की फ्लाइट की तैयारी पूरी है, लेकिन मौसम खराब होने से इसमें देरी हो रही है।
विज्ञापन
मुरादाबाद से हवाई उड़ान
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुरादाबाद में धुंध के कारण मुरादाबाद हवाई अड्डे पर विमान की लैंडिंग नहीं हो पाई। लखनऊ से आया विमान एक घंटे तक हवा में घूमता रहा। कम दृश्यता के कारण पायलटों ने विमान उतारने से मना कर दिया। इसके बाद इसे वापस लखनऊ के लिए रवाना कर दिया गया। फ्लाइट में एडीजी राजेश उपाध्याय भी सवार थे।
विज्ञापन
फ्लाई बिग कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि एडीजी को एक कार्यक्रम में लखनऊ से गाजियाबाद जाना था। उन्होंने मुरादाबाद तक फ्लाइट व यहां से अन्य माध्यम से गाजियाबाद जाने की योजना बनाई थी। मजबूरी में विमान को लखनऊ लौटाना पड़ा। दो दिन पहले भी सुबह 9:35 बजे की फ्लाइट दोपहर तीन बजे लखनऊ रवाना हुई थी।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार 24 अक्तूबर को भी लखनऊ से मुरादाबाद आने वाली फ्लाइट दोपहर एक बजे एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। एयरलाइंस कंपनी का कहना है कि मुरादाबाद एयरपोर्ट पर लैंडिंग करने में मदद करने वाली आईएलएस प्रणाली नहीं है। इसके कारण धुंध में पायलटों को दृश्यता से संबंधित समस्या रहती है।
विज्ञापन
इसके कारण बीच में कुछ दिन फ्लाइट निरस्त हो चुकी हैं। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी व फ्लाई बिग कंपनी ने मुरादाबाद से सप्ताह में छह दिन फ्लाइट शुरू की थी। धुंध के कारण इसे सप्ताह में पांच दिन किया गया। अब फिर से सप्ताह में तीन दिन चलाने का निर्णय लिया गया है।
कंपनी के प्रबंधक ने बताया कि मुरादाबाद से मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को ही लखनऊ की फ्लाइट मिलेगी। जिन यात्रियों के टिकट रद्द हुए हैं, उन्हें कंपनी ने भविष्य में किसी भी तारीख में यात्रा करने का विकल्प दिया है। कुछ यात्रियों को रिफंड भी दिया गया है।
मुरादाबाद से देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट तक फ्लाइट शुरू करने के लिए सरकार से अनुमति मिल गई है। देहरादून एयरपोर्ट से विंटर शेड्यूल भी जारी हो गया है। एक नवंबर से मुरादाबाद से देहरादून की फ्लाइट घोषित की गई है, लेकिन खराब मौसम के कारण इसमें बाधा आ रही है।
कंपनी प्रबंधक ने कहा कि हमारी तैयारियां पूरी हैं, लेकिन वातावरण में धुंध होने व एयरपोर्ट पर आईएलएस सिस्टम न होने के कारण संचालन में बाधा आ सकती है। सहारनपुर व गाजियाबाद की फ्लाइट भी मौसम सही रहने पर शुरू होगी।