फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Moradabad News ›   The friend had killed the goldsmith's servant

Moradabad News: दोस्त ने ही दस लाख रुपये और जेवरात लूटकर की थी सराफ के नौकर की हत्या

Moradabad  Bureau मुरादाबाद ब्यूरो
Updated Fri, 14 Jun 2024 05:39 AM IST
विज्ञापन
The friend had killed the goldsmith's servant
मुरादाबाद। चार जून को लापता हुए सराफा व्यवसायी अलंकार अग्रवाल के नौकर अजय की हत्या उसके ही दोस्त बिजनौर निवासी अनमोल उर्फ सनी ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर सिर में गोली मारकर की थी। हत्यारोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से 10 लाख रुपये और कीमती जेवर लूटने के बाद अजय की हत्या कर उसका शव उत्तराखंड के लैंसडाउन स्थित बिलासु गांव की खाई में अधजली अवस्था में फेंक दिया था।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को कटघर पुलिस ने घटना का खुलासा कर हत्याकांड के मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी गई नकदी समेत 85 लाख रुपये बरामद किए हैं। यह रकम लूटे गए जेवर बेचने के बाद हत्यारोपियों के पास थी। घटना में प्रयुक्त कार और तमंचा भी बरामद किया गया है।
विज्ञापन

पुलिस लाइन में एसएसपी हेमराज मीणा और एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने प्रेसवार्ता के दौरान सराफा व्यवसायी के नौकर अजय कुमार की हत्या का खुलासा किया। एसएसपी ने बताया कि ईदगाह रोड निवासी सराफा व्यवसायी अलंकार अग्रवाल ने छह जून को अपने नौकर अजय कुमार के खिलाफ अमानत में खयानत का केस दर्ज कराया था। बताया कि अजय कुमार चार जून को दस लाख रुपये नकद, एक किलो 300 ग्राम सोने के जेवरात लेकर दिल्ली के लिए निकला था। इसके बाद से उसका नंबर बंद हो गया। केस दर्ज करने के बाद कटघर पुलिस और एसओजी टीम जांच पड़ताल में लग गई। मोबाइल कॉल डिटेल खंगालने के बाद पुलिस ने शक के आधार पर बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड मोहल्ला निवासी अनमोल उर्फ सनी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो पता चला कि दो साल पहले अनमोल उर्फ सनी भी अलंकार अग्रवाल के प्रतिष्ठान पर अजय कुमार के साथ ही काम करता था। उसने काम छोड़ दिया था लेकिन अजय वहीं काम कर रहा था। आरोपी अनमोल के पिता मकान बनवा रहे थे, जिसके लिए उसे काफी धन की जरूरत थी। दूसरी ओर अजय भी शेयर मार्केट में पैसे लगाता था। जिससे वह भी पैसों का लालची हो गया था। अनमोल को यह पता था कि अजय व्यवसायी अलंकार अग्रवाल का काफी पैसा और सोना लेकर दिल्ली आता-जाता है। अजय पर अलंकार अग्रवाल बहुत विश्वास करते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

इसी कारण आरोपी अनमोल ने अजय से मिलकर उसे रातोंरात धनवान बनने का लालच दिया। योजना बनाई की जब वह व्यवसायी का पैसा और सोना लेकर जाएगा तो उसे अपने पास से चोरी, लूट की कहानी बताकर धन हड़प लिया जाएगा। इससे पहले भी आरोपियों ने जेवरात और नकदी गायब करने का प्रयास किया था लेकिन सफलता नहीं मिली थी। अनमोल ने नहटौर थाना के ही गांव दरबारपुर निवासी अपने साथी सोहन कश्यप और बैरमपुर निवासी राजीव उर्फ राजू के साथ मिलकर अजय की हत्या कर नकदी और जेवर लूटने की योजना बनाई थी।
इसकी भनक अजय कुमार को नहीं थी। चार जून को जब अजय व्यवसायी अलंकार अग्रवाल के 10 लाख रुपये और एक किलो 300 ग्राम सोने के जेवरात लेकर निकला तो उसने अनमोल को सूचना दे दी। इसके बाद आरोपी अनमोल अपनी कार लेकर अजय कुमार को संभल रोड फत्तेहपुर खडंजा के पास आकर मिला। वहां से दोनों कार से जेवरात लेकर बिजनौर के नूरपुर पहुंचे। जहां नहटौर रोड पर एक बाग के पास अजय कुमार ने अपने पहचान वाले किसी व्यक्ति को पहले से बुला रखा था। उसे जेवरात देकर अजय कुमार ने 82 लाख रुपये कैश ले लिए। बाद में आरोपी अनमोल अजय को लेकर अपने पिता के निर्माणाधीन मकान पर पहुंचा जहां आरोपी सोहन और राजीव उर्फ राजू पहले से मौजूद थे।
आरोपी अनमोल ने बताया कि वहां पहुंच कर सोहन और राजीव ने अजय कुमार के हाथ पकड़ लिए। पुलिस के मुताबिक, अनमोल ने तमंचे से अजय के सिर में गोली मार दी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गया। गिरने पर उसके दो और गोलियां मारीं। जिससे मौके पर ही अजय की मौत हो गई। बाद में उसका चेहरा खराब कर शव को कार की डिग्गी में डाल दिया। शव उत्तराखंड के कोटद्वार के आगे लैंसडाउन क्षेत्र में गांव बिलासु के जंगल में खाई में फेंक दिया। पुलिस ने हत्यारोपियों की निशानदेही पर लैंसडाउन पुलिस की मदद से बीते दिनों अजय का शव बरामद कर लिया था। हालांकि वहां के जंगल में आग लगने के कारण शव काफी जल चुका था। उसका डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के पास से 85 लाख रुपये कैश, वारदात में प्रयुक्त कार, 315 बोर का तमंचा, नौ खोखे-कारतूस और अजय का ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, दो एटीएम कार्ड और अजय की पत्नी का आधार कार्ड बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।
दिल्ली में फेंके गए मोबाइल से खुला राज
हत्यारोपी अनमोल उर्फ सनी ने बहुत ही शातिराना अंदाज से घटना को अंजाम दिया था। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि हत्या करने के बाद अजय का नोटों से भरा थैला कब्जे में लेने के साथ ही अनमोल ने उसकी जेब से मोबाइल फोन और पैसे भी निकाल लिए थे। मोबाइल को उसने मुरादाबाद में ऑफ करा दिया था। शव को ठिकाने लगाने के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने अजय का मोबाइल फोन दिल्ली और गाजियाबाद के बीच दिलशाद गार्डन केे आगे मेट्रो स्टेशन के नजदीक झाड़ियों में ऑन करके फेंक दिया था ताकि पुलिस को लगे की अजय दिल्ली आया था। पुलिस ने जब मोबाइल की जांच पड़ताल की तो उसकी एक लोकेशन बिजनौर के नहटौर क्षेत्र में मिली। दरअसल जब हत्या के बाद आरोपी ने अजय का मोबाइल फोन कार में रखा था तो वह गलती से ऑन हो गया था, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई।


क्या था पूरा मामला
कटघर थाना क्षेत्र के ईदगाह रोड निवासी अलंकार अग्रवाल की मंडी चौक साहू स्ट्रीट में मैसर्स फूल कुमार-रमेश कुमार एंड संस नाम से आभूषण की बड़ी दुकान हैं। उनके यहां प्रतापगढ़ का मूल निवासी अजय कुमार कई सालों से काम कर रहा था। वहीं दुकान के पैसे और गहने लेकर बाहर जाता था। 4 जून को भी वह 10 लाख रुपये की नकदी और एक किलो 300 ग्राम सोने के आभूषण लेकर दिल्ली के व्यापारी के पास देने के लिए निकला था। कुछ देर बाद जब अलंकार अग्रवाल ने उसके मोबाइल पर कॉल किया तो नंबर बंद आने लगा। दिन भर में प्रयास करने के बाद शाम को उन्होंने दिल्ली के उस व्यापारी से बात की, जहां अजय को सोना और नकदी पहुंचाना था। दिल्ली के व्यापारी ने बताया कि अजय उसके पास नहीं आया है। इसके बाद नौ जून को सराफा व्यापारी अलंकार अग्रवाल ने कटघर थाने में तहरीर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article