गन्ना समिति चुनाव: मुरादाबाद जिले में 31 डायरेक्टर निर्विरोध निर्वाचित, दो पर होगा चुनाव, यहां पर देखें लिस्ट
मुरादाबाद, कांठ, और बिलारी की सहकारी गन्ना विकास समितियों के डायरेक्टर पदों के लिए हुए चुनाव में 33 पदों के लिए 43 नामांकन दाखिल हुए थे। जांच के बाद कांठ समिति के सभी 11 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए। मुरादाबाद और बिलारी में 10-10 लोग निर्विरोध चुने गए। इन दोनों समितियों में एक-एक पद के लिए 16 अक्तूबर को मतदान होगा।
विस्तार
मुरादाबाद में सहकारी गन्ना विकास समिति के चुनाव में संचालक (डायरेक्टर) पदों के लिए जिले की तीनों समितियों मुरादाबाद, कांठ व बिलारी पर डायरेक्टर के कुल 33 पदों के लिए 43 नामांकन हुए थे। शुक्रवार को जांच के बाद मुरादाबाद और कांठ समिति पर चार-चार पर्चे खारिज हो गए।
ऐसे में कांठ में सभी 11 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए, लेकिन मुरादाबाद और बिलारी में 10-10 डायरेक्टर ही निर्विरोध निर्वाचित हुए।
इन दोनों समितियों पर एक-एक पद के लिए 16 अक्तूबर को मतदान होगा। जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी अमरेंद्र कुमार के अनुसार मुरादाबाद समिति में डायरेक्टर के 11 पदों के लिए 16 लोगों ने नामांकन किया था। शुक्रवार को तीन घंटे की जांच बाद चार लोगों के पर्चे खारिज किए गए।
इनमें डोमघर निर्वाचन क्षेत्र की दावेदार उमारानी, निवाड़खास की मिथलेश देवी, भोजपुर के शिवकुमार और भैंसोड़ा की मुन्नी शामिल हैं। बताया गया कि चारों के प्रस्तावक स्थानीय नहीं थे। इस प्रकार 12 लोगों के पर्चे वैध पाए गए हैं। इनमें दस लोग निर्विरोध चुने गए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी के अनुसार कांठ में 15 लोगों ने डायरेक्टर पदों के लिए नामांकन दाखिल किया था। इनमें चार लोगों के पर्चे अलग-अलग कारणों से खारिज किए गए हैं। बाकी बचे 11 लोग निर्विरोध चुने गए हैं। वहीं बिलारी सहकारी गन्ना विकास समिति के लिए 12 लोगों ने नामांकन किया था। सभी पर्चे वैध पाए गए हैं। इनमें दस प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित किए गए हैं।
बिलारी व लोदीपुर राजपूत में होगा चुनाव
जिले की तीनों समितियों मुरादाबाद, कांठ व बिलारी में संचालक (डायरेक्टर) के 33 पद हैं। 31 पदों पर निर्विरोध डायरेक्टर चुने जा चुके हैं। सिर्फ निर्वाचन क्षेत्र बिलारी और लोदीपुर राजपूत में चुनाव होना है। बिलारी निर्वाचन क्षेत्र से भाकियू के अतर सिंह और अंचित कुमार चुनाव मैदान में हैं। वहीं मुरादाबाद समिति के निर्वाचन क्षेत्र लोदीपुर राजपूत में अमरजीत सिंह और भाकियू के पदाधिकारी मोहित चौधरी के बीच मुकाबला होगा।
निर्विरोध निर्वाचित डायरेक्टरों की सूची
मुरादाबाद सहकारी गन्ना विकास समितिछिपरावली- विनोद कुमार
डोमघर- दुर्गपाल सिंह
दादूपुर- आयशा परवीन
निवाड़खास- कुशलपाल सिंह
पैपटपुरा- राजू
भोजपुर- अनिल कुमार
भैसोड़ा- वीना देवी
मुंडानाजरपुर- मोरा देवी
लोदीपुर जवाहरनगर कपिलदेव सिंह
सिरसखेड़ा राम भरोसे
कांठ सहकारी गन्ना विकास समिति
उमरी- सुरेंद्र सिंह
कुचावली- गौरव कुमार
कुरी रवाना- संजय कुमार
फरीदपुर भैंडी- समरपाल सिंह
बीबीपुर- पुष्पा देवी
माननगर उर्फ कांठ- अंजू
मु. अगवानपुर- संजय कुमार
रसूलपुर चौहरा- सचिन कुमार
शेखूपुरा- उधम सिंह
सिरसा ठांट- राहुल कुमार
सलेमपुर- महिपाल
बिलारी सहकारी गन्ना विकास समिति
अमरपुर- काशी अमित कुमार
छावड़ा- अनीस कुमार उर्फ अन्नू
तेवरखास- बहोरन पाल
थांवला- आराम सिंह
स्योंडारा- यज्ञपाल दिवाकर
सनाई- उदयवीर
सहसपुर- सरला
सिरसी- कुसुम
हाफिजपुर- विजयपाल सिंह
हरियाना- जगवीर सिंह
दोनों पर्चे वैध होने पर भाकियू ने खत्म किया धरना
भाकियू ने सहकारी गन्ना विकास समिति के संचालक (डायरेक्टर) पदों पर निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर दूसरे दिन शुक्रवार को भी कलक्ट्रेट पर धरना दिया। हालांकि, शाम के समय जब संगठन के दोनों प्रत्याशियों के पर्चे वैध घोषित किए गए तो भाकियू ने धरना समाप्त कर दिया।
भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि काफी कोशिश के बाद सहकारी गन्ना विकास समिति में संचालक पद के लिए दो पदाधिकारियों ने पर्चा भरा। धांधली की आशंका को देखते हुए सभी पदाधिकारियों ने धरना देने का निर्णय लिया। किसान नेताओं ने दोपहर कलक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर भोजन बनाया।
शाम साढ़े चार बजे सूचना मिली कि भाकियू के बिलारी और मुरादाबाद के दोनों दावेदारों के पर्चे वैध पाए गए हैं। इसके बाद जिलाध्यक्ष ने धरना समाप्त करने का निर्णय लिया। कहा कि अब 16 अक्तूबर को डायरेक्टर के लिए मतदान होगा।
इस माैके पर भाकियू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. नौ सिंह, युवा जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी, महानगर अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंडल अध्यक्ष बाबू राम तोमर, उपाध्यक्ष यशपाल सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य किसान नेता मौजूद रहे।