'सरकार बदलेगी तुम्हारा कबाड़ा कर देंगे': SP सांसद बर्क के पिता ने बिजली अफसरों को धमकाया, दोनों के खिलाफ एफआईआर
संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज की गई है। उनके घर पर स्मार्ट मीटर से 16 किलोवाट से अधिक बिजली खपत मिली, जबकि छह महीने से खपत शून्य थी। उनके पिता ममलुकुर्रहमान बर्क पर बिजली अधिकारियों को धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज हुआ। जांच में मीटर बाईपास से बिजली चोरी की पुष्टि हुई है।
विस्तार
संभल सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई है। जबकि उनके पिता ममलुकुर्रहमान बर्क और दो बाउंसर वसीम व सलमान के खिलाफ बिजली अधिकारियों-कर्मचारियों को धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बिजली टीम ने बृहस्पतिवार की सुबह फोर्स के साथ सांसद के दीपासराय स्थित घर पर उपकरणों की जांच की तो यहां 16 किलो वाट से अधिक की बिजली खपत पाई गई। जबकि पिछले छह महीने से उनके घर की बिजली खपत जीरो मिल रही थी।
मामले को गंभीरता से लेकर बिजली अधिकारियों ने उनके घर की बिजली भी काट दी है। मंगलवार को अधिकारियों ने फोर्स के साथ पहुंचकर स्मार्ट मीटर लगाया था। इसके बाद बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े सात बजे बिजली एसडीओ अजय शर्मा और संतोष त्रिपाठी ने नेतृत्व में टीम सांसद जियाउर्रहमान बर्क के दीपासराय स्थित घर पहुंची।
सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में फोर्स भी मौजूद रहा। इस दौरान टीम ने करीब एक घंटे बिजली उपकरण चेक किए। स्मार्ट मीटर और घर में उपकरणों की जांच करने पर बिजली की खपत करीब 16480 वाट पाई गई।
इतना ही नहीं पुराने मीटर की एमआरआई (लैब में मीटर की जांच) रिपोर्ट में मीटर बाइपास करके बिजली चोरी की पुष्टि हुई है। उधर, घर में जांच के दौरान सांसद के पिता ममलुकुर्रहमान बर्क पर बिजली अधिकारियों बाकी धमकी देने का आरोप है।
बिजली अधिकारियों के मुताबिक सांसद के पिता ने सपा सरकार आने पर देख लेने की धमकी दी है। बिजली एसई विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि सांसद जियाउर्रहमान के खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई है।
उनके पिता ममलुकुर्रहमान बर्क के खिलाफ धमकी देने, अभद्रता करने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में केस दर्ज कराया गया है।
दो मंजिला मकान, दो-दो किलोवाट के दो कनेक्शन
बिजली एसई विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सांसद जियाउर्रहमान बर्क के दो मंजिला मकान पर करीब 16 किलो वाट अधिक की बिजली खपत पाई गई है। जबकि, उनके घर में दो-दो किलोवाट के दो कनेक्शन हैं।
स्मार्ट मीटर मंगलवार को लगाया गया था, इसके बाद बृहस्पतिवार को स्मार्ट मीटर चेक किया गया तो सांसद के घर का लोड पांच किलो वाट से अधिक पाया गया है। जबकि उनके घर में लगे बिजली उपकरणों की जांच करने पर बिजली की खबर 16 किलोवाट से अधिक पाई गई है। इनके परिसर पर पिछले छह महीने से जीरो यूनिट खपत आ रही थी।
सांसद के घर की छत पर सोलर पैनल लगा था
बृहस्पतिवार को बिजली विभाग की टीम में सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर पहुंच कर जांच की तो उनके घर की छत पर सोलर पैनल लगा मिला। पैनल पूरी तरह छत पर पड़ा हुआ है, जो काम नहीं कर रहा। अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि पैनल के कनेक्शन भी नहीं हुए थे। वह नया रखा हुआ था।
सरकार बदलेगी तुम्हारा कबाड़ा कर देंगे
बिजली एसडीओ संतोष त्रिपाठी ने नखासा थाने में सांसद जियाउर्रहमान बर्क के पिता ममलुकुर्रहमान बर्क और उनके दो बाउंसर वसीम व सलमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें आरोप लगाया कि घर में बिजली उपकरणों की जांच करते समय के सांदस के पिता ममलुकुर्रहमान बर्क ने अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अभद्रता की।
धमकी देते हुए सरकारी काम में बाधा पहुंचाई। कहा कि हमे बेइज्जत कर रहे हो, वीडियो तुम्हारी भी बन रही है। तुम हमारी एफआईआर कर दो हम तुम्हारी कराएंगे। सबका समय एक जैसा नही रहता है। सरकार बदलेगी तुम्हारा कबाड़ा कर देंगे।
ये हमारी वीडियो बना रहे हैं, हम भी इनकी बना रहे हैं। बिजली विभाग वालों ये दीपासराय है, तुम जानते नहीं हो। मैने एक आवाज दी तो पूरा दीपासराय बाहर निकलकर खड़ा हो जाएगा। बिजली अधिकारियों ने धमकी से संबंधित एक वीडियो पुलिस को सौंपा है। जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसपी ने फोर्स के साथ दीपासराय में किया पैदल मार्च
सांसद के जियाउर्रहमान बर्क घर पर बिजली विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अभद्रता किए जाने की जानकारी मिलने के बाद एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई नखासा थाना पहुंचे। इसके बाद फोर्स के साथ दीपा सराय पहुंचे, यहां उन्होंने पैदल मार्च किया।