मुरादाबाद। त्योहारों के दृष्टिगत गुरुवार को जीआरपी और आरपीएफ ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रूप से चेकिंग की। इस सघन चेकिंग के दौरान स्टेशन का चप्पा चप्पा खंगाला गया। पुलिस टीम ने सर्कुलेटिंग एरिया, ओवरब्रिज, लिफ्ट, प्लेटफार्म और स्टेशन के आसपास के होटलों में भी लोगों को संदिग्ध मानकर उनसे पूछताछ की। स्टेशन पर मौजूद कई यात्रियों के सामान की भी तलाशी ली गई।
डॉग स्क्वायड की टीम ने पार्किंग और पार्सल कार्यालय के आसपास भी चेकिंग की। इस दौरान बम निरोधक दस्ता, जीआरपी थाना प्रभारी सुधीर सिंह, आरपीएफ कंपनी कमांडर धर्मेंद्र सिंह राणा, उप निरीक्षक भागीरथ नेहरा और पुलिस बल मौजूद रहा। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहारों के दृष्टिगत उच्चाधिकारियों की ओर से चेकिंग के निर्देश मिले थे। चेकिंग के दौरान सब कुछ सामान्य पाया गया। फिर भी ड्यूटी के अनुसार पूरी टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।