मुरादाबाद। अंतर्राज्यीय परिवहन शुरू होने के बाद रोडवेज की आय धीरे-धीरे बढ़ रही है। इसेे दृष्टिगत रखते हुए रोडवेज रीजन में सामान्य दिनों से भी अधिक बसें चलाने जा रहा है। इस माह मुरादाबाद रीजन में 600 से अधिक बसें चलेंगी। जबकि सामान्य दिनों में दिनों में यह संख्या 525 रहती है। इसमें आय बढ़ने के साथ दूसरा पहलू यह भी है कि बसों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके। हाल ही में उत्तराखंड के लिए बस सेवा शुरू होने के बाद प्रतिदिन की आय में 2 लाख रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है।
लॉकडाउन के बाद जून में बसों का संचालन शुरू हुआ तो माह के अंत तक पचास फीसद आय ही प्राप्त हो रही थी। जुलाई में औसतन 60 हजार व्यक्तियों ने प्रतिदिन रोडवेज में सफर किया। जिससे विभाग को 35 लाख की आय रोजाना और 21 करोड़ रुपये मसिक प्राप्त हुए। अक्तूबर माह की शुरूआत के साथ यह आय 54 से 60 लाख रुपये प्रतिदिन पहुंच गई है। इससे रोडवेज को व्यवस्थाएं सुधारने में सहायता मिलेगी। हालांकि यह आय सामान्य दिनों का 80 प्रतिशत ही है। फिलहाल शहर के पीतल नगरी डिपो से 128 और मुरादाबाद डिपो से 90-100 बसें चलाई जा रही हैं। रीजन के अंतर्गत सात डिपो आते हैं, जिनसे 600 से अधिक बसों का संचालन किया जाएगा। आरएम अतुल जैन ने बताया कि स्थिति धीरे-धीरे सुधर रही है। अंतर्राज्यीय परिवहन शुरू होने से यात्रियों की संख्या व आय में इजाफा हुआ है।