रामपुर। रामपुर के नवाब चांदी की पलंग पर सोते थे। अंतिम शासक नवाब रजा अली खां की संपत्ति में चांदी के छह पलंग भी शामिल थे, जिनकी कीमत नौ लाख रुपये आंकी गई है। अंतिम शासक के पौत्र पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां का आरोप है कि यह सभी पलंग खासबाग से गायब हैं।
रामपुर एक रियासत रही है। यहां 174 साल नवाबों ने शासन किया है। आखिरी नवाब रजा अली खां थे। रियासत के भारतीय गणराज्य में विलय के कुछ साल बाद परिवार में उनकी संपत्ति के बंटवारे को लेकर वाद विवाद शुरू हो गया था। जिला न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक यह विवाद पहुंचा था। अब सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर बंटवारा प्रक्रिया जिला न्यायालय में चल रही है। इसके लिए संपत्ति का सर्वे कर मूल्यांकन कराया गया है। सूची में चांदी के 6 पलंग भी नवाब रजा अली खां की संपत्ति का हिस्सा होना बताये गये हैं। इसमें एक चांदी के पलंग की कीमत डेढ़ लाख लाख आंकी गई है। इस लिहाज से सभी पलंगों की कीमत नौ लाख है। अंतिम शासक नवाब रजा अली खां के पौत्र पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने आरोप लगाया है कि कोर्ट द्वारा नियुक्त एडवोकेट कमिश्नर जब सर्वे के लिए खासबाग पैलेस गए थे तो वहां चांदी के पलंग नहीं मिले। ये पलंग पैलेस के रॉयल स्वीट में होते थे, जिन्हे गायब कर दिया गया।