मुरादाबाद। अगस्त माह के आखिरी दिनों में मानसून भी सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने दो सितंबर तक कभी बूंदाबांदी होने तो कभी बादल छाए रहने की संभावना व्यक्त की है। दो-तीन दिन धूप खिलने के बाद शुक्रवार को बारिश हुई। दिनभर में 1.8 मिली मीटर बारिश हुई। पंत नगर विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह का कहना है कि मानसून सक्रिय हो गया है। मुरादाबाद में 29 अगस्त को 16 मिली मीटर, 30 अगस्त को 20 मिली मीटर, 31 अगस्त को तीन मिली मीटर, एक सितंबर को 19 मिली मीटर और दो सितंबर को 32 मिली मीटर बारिश होने की संभावना है। बीच में एक दिन कहीं-कहीं बूंदाबांदी होगी कहीं मौसम साफ रहेगा। मुरादाबाद के पड़ोस के जनपद रामपुर और बरेली में अच्छी बारिश का अनुमान है।
राजकीय इंटर कालेज स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के डाटा रीडर निसार अहमद अंसारी ने कहा कि अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह की आद्र्रता 87 फीसदी थी और शाम की 83 फीसदी दर्ज की गई। बारिश दिन में 1.8 मिली मीटर हुई है।