मुरादाबाद। लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस के बी-3 एसी कोच में शुक्रवार को एक यात्री की मौत हो गई। इस घटना से यात्रियों के साथ-साथ रेल प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। जब यात्री की मुत्यु हुई तो ट्रेन हापुड़ में थी, वहां पर शव को उतारा गया। इसके बाद मुरादाबाद पहुंचने पर यात्रियों को सामान सहित उतारा गया और ट्रेन के कोच को सैनिटाइज किया गया।
बिहार निवासी फकरे अली (29) सूरतगढ़ से समस्तीपुर के लिए यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान ही उनकी मौत हो गई, हालांकि मौत का कारण अभी पता नहीं चला है। हापुड़ जीआरपी पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। सहायक वाणिज्य प्रबंधक नरेश सिंह ने बताया कि एक परिवार अवध-असम एक्सप्रेस के बी-3 कोच में 25 से 28 नंबर सीट पर यात्रा कर रहा था। एक सदस्य की ट्रेन में ही मौत हो गई। हापुड़ में शव को उतारने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से मुरादाबाद में कोच का सैनिटाइजेशन करवाया गया। उन्होंने बताया कि इससे ट्रेन के प्रस्थान के समय पर कोई फर्क नहीं पड़ा। इस दौरान मुरादाबाद स्टेशन पर मुख्य टिकट निरीक्षक विजयंत शर्मा, डिप्टी एसएस अंबुज सिन्हा, सीआईटी लाइन सरदार जोगिंदर पाल सिंह, जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार मौजूद रहे।