Moradabad: सोशल मीडिया में कर रहा था सरकार विरोधी टिप्पणी, नगर निगम का जेई निलंबित...कई स्तरों पर जांच
सरकार के खिलाफ फेसबुक पर टिप्पणी करने वाले नगर निगम में तैनात जेई अखिलेश कुमार पाल को निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ एक महीने से जांच चल रही थी। जेई पर आरोप था कि वह नवंबर से लगातार अप्रत्यक्ष रूप से सरकार विरोधी टिप्पणी कर रहे थे।
विस्तार
मुरादाबाद नगर निगम में अवर अभियंता (सिविल) के पद पर तैनात अखिलेश कुमार पाल को शासन ने निलंबित कर दिया है। उन पर अपने फेसबुक अकाउंट से भ्रामक पोस्ट किए जाने तथा सरकार विरोधी टिप्पणी करने का आरोप है। नगर आयुक्त संजय चौहान द्वारा इस संबंध में करीब एक माह पहले इस आशय की भेजी गई रिपोर्ट पर शासन ने यह कार्रवाई की है।
अवर अभियंता अखिलेश पाल की तैनाती नगर निगम मुरादाबाद में करीब पांच साल पहले हुई थी। बताया जाता है कि उन्होंने नवंबर माह में अपने फेसबुक अकाउंट से अप्रत्यक्ष रूप से सरकार विरोधी टिप्पणी की थी। जिसका संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त संजय चौहान ने आरोपी जेई का जवाब तलब किया था।
स्पष्टीकरण संतोषजनक न होने पर नगर आयुक्त ने स्थानीय निकाय के निदेशक को पत्र लिख कर आरोपी जेई के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई थी। नगर आयुक्त द्वारा शासन को दिनांक पांच जनवरी 2024 को भेजे गए इस पत्र का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय निदेशालय के निदेशक डॉ. नितिन बंसल ने आरोपी जेई को दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
नगर आयुक्त संजय चौहान ने कहा कि उनके द्वारा एक पत्र शासन को भेजा गया था, लेकिन उसके आधार पर जेई को निलंबित किए जाने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। प्रदेश मुख्यालय पर निदेशक डॉ. नितिन बंसल ने आरोपी जेई को निलंबित किए जाने की पुष्टि की है।
निलंबन अवधि तक डीएम कार्यालय रहेगा अटैच
निदेशक ने निलंबन अवधि तक जेई को डीएम मुरादाबाद कार्यालय से अटैच रहने का आदेश दिया है। इस अवधि के जीवन निर्वहन भत्ते आदि का भुगतान नगर निगम मुरादाबाद द्वारा किया जाएगा।
उप निदेशक करेंगे विभागीय जांच
निलंबित जेई अखिलेश कुमार पाल के खिलाफ विभागीय जांच भी होगी। निदेशक डॉ. नितिन बंसल ने इसके लिए उप निदेशक नगर निकाय निदेशालय उत्तर प्रदेश को पदेन जांच अधिकारी नामित किया है। साथ ही उनसे शीघ्र जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने की भी अपेक्षा की है।