Moradabad: जिला अस्पताल के वार्ड ब्वॉय की डॉक्टर को सरेआम धमकी, यहां सिर्फ तू नौकरी करेगा या मैं, सहम गए मरीज
मुरादाबाद के जिला अस्पताल में वार्ड ब्वॉय आर चिकित्सक के बीच मरीज को लेकर बहस हो गई। दोनों ने एक दूसरे पर जमकर भड़ास निकाली। चिकित्सा अधीक्षक ने मामले में जांच कराने की बात कही है।
विस्तार
मुरादाबाद के जिला अस्पताल की ओपीडी में मामूली बात को लेकर डॉक्टर व वार्ड ब्वॉय में कहासुनी हो गई। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शोभित के मुताबिक ओपीडी में एक वार्ड ब्वॉय मरीज को लेकर पहुंच गया। बिना लाइन के आने पर डॉक्टर ने आपत्ति जताई।
वार्ड ब्वॉय के आग्रह पर डॉक्टर ने कहा कि ठीक है कि काउंटर से नया पर्चा बनवा लो और दिखा दो। इस पर वार्ड ब्वॉय भड़क गया और गाली गलौज की। कहा कि नौकरी करना सिखा दूंगा और डॉक्टर का मोबाइल छीन लिया। वह सीएमएस से शिकायत करने जाने लगे तो बोला कि अब यहां या तो तू नौकरी करेगा या मैं।
बहस सुनकर स्टाफ एकत्र हुआ तो वार्ड ब्वॉय ने मोबाइल लौटाया। इसके बाद डॉक्टर शिकायत लेकर सीएमएस के पास पहुंचे। पीछे-पीछे वार्ड ब्वॉय भी पहुंच गया। उसका कहना था कि डॉक्टर ने मरीज को देखने और भर्ती करने से मना कर दिया।
इसके बाद उसे मजबूरन इमरजेंसी में जाना पड़ा। सीएमएस ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद उन्हें समझाया। साथ ही हड्डी रोग विशेषज्ञ के कक्ष से वार्ड ब्वॉय की ड्यूटी बदलने के लिए कहा, जिससे दोनों के बीच फिर विवाद न हो।
नौकरी से हटाए जाएंगे ड्यूटी से गायब डॉक्टर
हेल्थ डेस्क बोर्ड पर मुरादाबाद मंडल की प्रगति खराब मिलने पर मंडलायुक्त ने चिकित्साधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबे से गायब चिकित्सकों को नौकरी से हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश एडी हेल्थ को दिए।
समीक्षा बैठक मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने कहा कि गोल्डन कार्ड में मंडल की प्रगति 47.60 प्रतिशत पाई गई है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत क्रमिक एवं भौतिक उपलब्धि शून्य होने पर एडी हेल्थ को कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सभी सीएमओ स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा प्रत्येक माह अनिवार्य रूप से करेंगे।
हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर में मानक के अनुरूप सुविधा बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि डीएम व सीडीओ दवाइयों के वेयर हाउस का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने सभी सीएमओ को काम नहीं करने वाली आशा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग अधिष्ठानों व श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीयन कराए।