Moradabad News: थाने के बाहर से ही चुरा लीं 62.72 लाख की स्ट्रीट लाइटें, सीसीटीवी से हो रही चोरों की पहचान
मुरादाबाद में स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगी 92 महंगी स्ट्रीट लाइट चोरी हो गई हैं। इससे 62.72 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बड़ी बात यह है कि चोरों ने पुलिस थाने के सामने से भी यह लाइटें उड़ा लीं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों की पहचान की जा रही है।
विस्तार
मुरादाबाद में स्मार्ट सिटी की ओर से शहर को सुंदर बनाने के लिए महंगी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, लेकिन अब इस पर चोरों की नजर पड़ गई है। शहर की मुख्य व स्मार्ट सड़कों पर लगी लाइटें रातोंरात गायब हो रही हैं। अब तक 92 स्ट्रीट लाइट चोरी हो चुकी हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटनाएं पुलिस थाने के सामने से भी हो रही हैं।
चोरों ने महिला थाने के बाहर लगी स्ट्रीट लाइट तक चोरी कर ली है। स्मार्ट सिटी अब इन चोरों की पहचान सीसीटीवी कैमरों के जरिए करने पर जुटा है। साथ ही इस मामले में एफआईआर भी दर्ज करा दिया गया है। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के मुताबिक रात के समय ये चोरी की वारदातें हो रही हैं।
चोरी करने वालों को सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़ा गया है। चोर अपना चेहरा ढक कर हर रोज इन घटना को अंजाम दे रहे हैं। देर रात सक्रिय होने वाले इन चोरों की सीसीटीवी कैमरे की मदद से पहचान की जा रही है। चोरी की घटनाएं भी अलग-अलग हिस्सों में हुई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि चोर एक गैंग बनाकर इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे हैं।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत लगाई गई ये स्ट्रीट लाइटें आम लाइटों से काफी महंगी हैं। सड़कों पर लगी यह स्ट्रीट लाइट 40 हजार रुपये की हैं। एक लाइट चोरी होने पर स्मार्ट सिटी को 40 हजार रुपये की चपत लगती है। उन्नत तकनीक से लैस इन लाइटों और तारों की चोरी से स्मार्ट सिटी को अब तक करीब 62.72 लाख रुपये का नुकसान हो चुका है।
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों के मुताबिक अत्याधुनिक तकनीक से लैस इन लाइटों का चोरी होना गंभीर चिंता का विषय है। इस मामले में सिविल लाइंस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से चोरों की लोकेशन और उनकी पहचान को ट्रेस किया जाएगा। स्मार्ट सिटी को चूना लगाने वाले इन चोरों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
तीन घटनाओं का मिला फुटेज
स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के कैमरों से अब तक तीन घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज निकाली है। इसमें 16 जनवरी को कचहरी के पास रात डेढ़ बजे, 12 जनवरी को आंबेडकर पार्क के पास रात एक बजे और 11 जनवरी को सुबह चार बजे चोरी की घटनाओं को पकड़ा गया है। नकाबपोश इन चोरों के बारे में सीसीटीवी कैमरे की मदद से ही अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।
इन सड़कों पर हुईं घटनाएं
चोरी की यह घटनाएं महिला थाने से पीली कोठी, पीली कोठी से जैन मंदिर, जैन मंदिर से गुरहट्टी चौराहा, आईसीआईसीआईसीआई बैंक से डिप्टीगंज, डिप्टीगंज चौराहा से गुरु गोविंद चौराहा, बुध बाजार और प्रेम स्वीट्स से सेल्स टैक्स ऑफिस तक सामने आई हैं। इन सभी चोरी की घटनाओं को सीसीटीवी कैमरों की मदद से उजागर करने की कोशिश की जा रही है।
चोरी की एफआईआर दर्ज करा दी गई है। दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रभावित स्थानों पर पुलिस से निगरानी बढ़ाने का भी अनुरोध किया गया है। - एके मित्तल, मुख्य अभियंता, स्मार्ट सिटी लिमिटेड