Moradabad seat: भाजपा प्रत्याशी सर्वेश सिंह और सपा के एसटी हसन ने करवाया नामांकन, 19 अप्रैल को वोटिंग
मुरादाबाद लोकसभा सीट के लिए नामांकन शुरू हो गए हैं। भाजपा उम्मीदवार सर्वेश सिंह ने कलक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद सपा प्रत्याशी अपना नामांकर कराएंगे। इसे देखते हुए पूरे कलक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
विस्तार
भाजपा के प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह, सपा सांसद डॉ. एसटी हसन और बसपा के इरफान सैफी सहित पांच लोगों ने मंगलवार को नामांकन दाखिल किया। अभी तक नामांकन दाखिल कराने वालों की संख्या बढ़ कर छह हो गई है। भाजपा का नामांकन दाखिल कराने के लिए प्रदेश अध्यक्ष, मेयर और नगर विधायक साथ आए थे।
वहीं सपा सांसद के साथ देहात विधायक मौजूद थे। भाजपा के प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह का सबसे पहले कंपनी बाग स्थित महात्मा गांधी की मूर्ति के समक्ष कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, मेयर विनोद अग्रवाल, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएससी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, कलस्टर प्रभारी जसवंत सैनी के साथ नामांकन करने कलक्ट्रेट पहुंचे।
नामांकन कराने के बाद चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि वह दो लाख मतों से इस बार जीतेंगे। उनकी किसी से टक्कर नहीं है। पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह की पत्नी साधना सिंह ने भी निर्दलीय के तौर पर नामांकन दाखिल किया।
अफवाहों के बीच सांसद ने भी किया नामांकन
टिकट कटने की अफवाहों के बीच सपा प्रत्याशी सांसद डॉ. एसटी हसन, देहात विधायक नासिर कुरैशी के साथ नामांकन कराने के लिए पहुंचे। उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष डीपी यादव और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असलम खुर्शीद भी मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने के बाद सपा प्रत्याशी ने कहा कि वह अपनी पत्नी को छोड़कर अन्य महिलाओं को अपनी मां और बहन मानते हैं।
इस बीच बसपा के प्रत्याशी इरफान सैफी ने भी समर्थकों के साथ नामांकन किया। कहा कि वह चुनाव जीत रहे हैं। इसके अलावा भारतीय बहुजन समता पार्टी के ओंकार सिंह ने भी नामांकन दाखिल किया।
नामांकन शुरू होने के साथ जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुरादाबाद लोकसभा सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। इसमें जिले की मुरादाबाद शहर, मुरादाबाद देहात, कांठ, ठाकुरद्वारा और बिजनौर जिले के बढ़ापुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता शामिल होंगे।
नामांकन की अंतिम तिथि 27 मार्च तय की गई है। मतगणना चार जून को होगी। डीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि 20 मार्च से 27 मार्च तक प्रत्याशी अपना नामांकन सुबह 11 बजे से तीन बजे तक करा सकेंगे। एक उम्मीदवार अधिकतम चार नामांकन पत्र दाखिल कर सकेगा। 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 30 मार्च को नामवापसी होगी।
चुनाव कार्यक्रम
-
निर्वाचन की अधिसूचना 20 मार्च
-
नामांकन की अंतिम तिथि 27 मार्च
-
नामांकन पत्रों की जांच 28 मार्च
-
नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 मार्च
-
मतदान की तिथि 19 अप्रैल
-
मतगणना 04 जून
प्रत्याशी के साथ चार लोग ही जा सकेंगे
डीएम ने बताया कि मुरादाबाद लोक सभा सीट के नामांकन की प्रक्रिया कलक्ट्रेट में होगी। नामांकन के समय प्रत्याशी के साथ केवल चार अन्य लोग ही नामांकन कक्ष तक जा सकेंगे। सुरक्षा के लिहाज से कलक्ट्रेट के मुख्य द्वार के दोनों ओर 100 मीटर के दायरे तक बैरिकेडिंग से सुरक्षा घेरा रहेगा। नामांकन के समय प्रत्याशी द्वारा केवल तीन वाहन ही 100 मीटर के दायरे तक प्रवेश के लिए मान्य होंगे।