Moradabad: मालगाड़ी से कटकर नर्सिंग के छात्र की मौत, दो टुकड़ों में मिला शव, परिजनों का बुरा हाल
सोमवार को रोज की तरह बहन के घर से कॉलेज गया था लेकिन वह दोपहर करीब एक बजे मां की तबियत खराब होने का बहाना बनाकर कॉलेज से बाहर निकला गया था। इसके बाद बहन के घर नहीं पहुंचा। दोपहर बाद करीब 3 बजे सहारनपुर से डाउन लाइन पर मुरादाबाद आने वाली मालगाड़ी से कट गया।
विस्तार
मुरादाबाद के अगवानपुर में सोमवार को नर्सिंग के छात्र की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। सहारनपुर रेल मार्ग पर दो टुकड़ों में छात्र का शव पड़ा मिला। छात्र मां की बीमारी का बहाना बनाकर कॉलेज से निकला था।
डिलारी थानाक्षेत्र के हाजी नगला तिगरी निवासी विकास यादव(22) विवेकानंद नर्सिंग कॉलेज से बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। पिता दीवान सिंह गांव में निजी स्कूल में शिक्षक हैं। परिवार में मां सुमन देवी व छोटा भाई आकाश यादव हैं। परिजनों के मुताबिक विकास 15 दिन पहले घर से मुरादाबाद आ गया था। छात्र आशियाना में ममेरी बहन रानी के साथ रह रहा था। यहीं से कॉलेज जाता था।
सोमवार को रोज की तरह बहन के घर से कॉलेज गया था लेकिन वह दोपहर करीब एक बजे मां की तबियत खराब होने का बहाना बनाकर कॉलेज से बाहर निकला गया था। इसके बाद बहन के घर नहीं पहुंचा। दोपहर बाद करीब 3 बजे सहारनपुर से डाउन लाइन पर मुरादाबाद आने वाली मालगाड़ी से कट गया। मालगाड़ी के लोको पायलेट संजीव कुमार ने स्टेशन मास्टर को हादसे की सूचना दी। उन्होंने तुरंत पुलिस को बताया।
चौकी अगवानपुर और छजलैट थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। छात्र का शव दो टुकड़ों में पड़ा था। पुलिस कर्मियों ने शव को एक जगह जमा किया। वहीं छात्र का बैग शव से 15 गज दूर रखा मिला। बैग में मोबाइल फोन,आधार कार्ड, कॉलेज की बुक व एयरफोन समेत अन्य अन्य सामान था। पुलिस ने सभी सामान कब्जे में लिया और आधार कार्ड की मदद से गांव के प्रधान को मामले की जानकारी दी। सीओ सिविल लाइंस अनूप सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।