Moradabad: तुम्हारी बेटियों की शादी करा दूंगा.. झांसा देकर ठग लिए सात लाख, रिश्तेदार बनकर किया था फोन
मुरादाबाद में साइबर ठगों ने महिला को कॉल कर सात लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने महिला को रिश्तेदार बनकर फोन किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
मझोला थाना क्षेत्र के नेता कॉलोनी जयंतीपुर निवासी महिला को साइबर अपराधी ने कॉल की। आरोपी ने खुद को महिला का परिचित बताते हुए कहा कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। वह ठीक होने के बाद रकम वापस कर देगा और आपकी बेटियों की शादी भी करा दूंगा।
आरोपी ने धीरे-धीरे सात लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए और मोबाइल नंबर बंद कर लिया। नेता कॉलोनी जयंतीपुर निवासी महिला की बेटी खुशबू पुत्री लखपत सिंह ने मझोला थाने में केस दर्ज कराया है। जिसमें खुशबू ने बताया कि उनके मोबाइल पर तीन अलग-अलग नबंरों से व्हाट्सएप कॉल आई थी।
कॉल करने वाले ने खुशबू की मां को अपना परिचित बताया और झांसे में ले लिया। आरोपी ने बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया है। इलाज के लिए कुछ पैसे भिजवा दीजिए। मैं आकर रकम वापस कर दूंगा। आरोपी ने महिला से यह भी कहा कि वह उनकी बेटियों की शादी भी करवा दूंगा।
झांसे में लेकर आरोपी ने सबसे पहले राजीव बेगा नाम के व्यक्ति के खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद अलग-अलग समय पर कभी 20 हजार, कभी 10 हजार, कभी 50 हजार रुपये ट्रांसफर कराए। दिसंबर 2023 से फरवरी 2024 तक आरोपी ने महिला से 7 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
इसके बाद पीड़िता ने अपनी रकम मांगने के लिए आरोपी के नंबर पर कॉल की तो पता चला कि आरोपी के सभी नंबर बंद हैं। इसके बाद पीड़िता ने मझोला थाने और साबर सेल में शिकायती पत्र दिया। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है।
अब तक वापस नहीं आ पाई है रकम
पीड़िता की बेटी ने बताया कि जब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ तो इस मामले की शिकायत मझोला थाने और साइबर सेल में की थी। कई बार चक्कर लगाने के बाद भी रकम वापस नहीं आई।
इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। एसएसपी हेमराज मीना ने मझोला थाना प्रभारी को केस दर्ज करने के आदेश दिए। मझोला थाने में केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।