Moradabad Crime News: पथराव और फायरिंग के आरोपियों की तलाश में दबिश, फावड़े के बेंत से पत्नी को सरेआम पीटा
पाकबड़ा के उमरी सब्जीपुर पथराव मामले में पुलिस ने 27 नामजद और 30 अज्ञात पर केस दर्ज कर अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बाकी की तलाश जारी है। वहीं भाड़ली गांव में दहेज मांग को लेकर विवाद के बाद एक व्यक्ति ने पत्नी के सिर पर फावड़े के बेंत से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
पाकबड़ा थानाक्षेत्र के गांव भाड़ली में पत्नी के सिर पर फावड़े के बेंत से हमला कर दिया। आरोपी खून से लथपथ पत्नी को छोड़कर भाग निकला। परिजनों ने पाकबड़ा पुलिस को तहरीर दी है। गांव भाड़ली निवासी फातिमा का निकाह गांव के ही युवक से 12 साल पहले हुआ था। बहन आसमा ने बताया कि रविवार को फातिमा के पति ने दहेज की मांग की। असमर्थता जताने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
इसके बाद पति ने आसमा के सिर पर फावड़े के बेंत हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने के बाद पति उसे घर के बाहर छोड़कर भाग निकला। इसके बाद घायल महिला अपनी बहन और मायके वालों को लेकर थाने पर पहुंची। उसने पति के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उसे उपचार के जिए जिला अस्पताल में भेज दिया। थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि इस मामले में जांच के आधार पर महिला के पति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
युवक ने पत्नी व बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई
ठाकुरद्वारा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने थाने में तहरीर देकर पत्नी व बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शनिवार को वह पत्नी व बेटी के साथ ठाकुरद्वारा किसी काम से गया था। कमालपुरी चौराहे पर उसने पत्नी व बेटी को पेड़ के नीचे बैठा दिया और उनके लिए पानी लेने के लिए चला गया। जब वह पानी लेकर वापस आया तो पत्नी व बेटी गायब थीं। उसने काफी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मां-बेटी की तलाश शुरू कर दी है।
दरवाजे पर बैठे युवक को मारपीट कर किया घायल, रेफर
कुंदरकी के ग्राम बगरौआ में रविवार को घर के दरवाजे पर बैठे शमीम के साथ गांव के एक युवक ने रास्ते में पड़े गोबर को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अपने चार भाइयों को लाठी-डंडे व सरिये लेकर बुला लिया और शमीम को मारपीट कर घायल कर दिया।
परिजन घायल को लेकर थाने पहुंचे, पुलिस ने सीएचसी में उसका मेडिकल परीक्षण कराया है, लेकिन गंभीर चोट होने की वजह से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। घायल के भाई ने पुलिस को पांचों भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
चार के खिलाफ किशोरी के अपहरण का केस दर्ज
डिलारी नगर पंचायत निवासी एक व्यक्ति ने नगर के ही चार लोगों पर नाबालिग बेटी का अपहरण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने तहरीर देकर बताय कि शुक्रवार की सुबह उसकी दो बेटियां अपने चाचार के घर जा रही थीं।
इसी दौरान नगर निवासी जीशान, खलील, इस्माइल व हाशिम कार से आए दोनों बेटियों को खींचकर कार में डालकर अपहरण कर ले गए। बड़ी बेटी ने विरोध किया तो आरोपी पाकबड़ा जीरो प्वांइट पर उसे उतार गए और नाबालिग बेटी का अपहरण कर ले गए। पुलिस ने तहरीर पर चारों नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
ट्रैक्टर की टक्कर से महिला घायल, रिपोर्ट दर्ज
सिरसवां दोराहा के ग्राम मिलक तेलियोवाली निवासी मोहम्मद उमर ने गांव के ही शाने आलम पर लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए पत्नी शबीना को टक्कर मारकर घायल करने का आरोप लगाया है। साथ ही शिकायत पर भतीजे जीशान को मारपीट करने का आरोप शाने आलम व उसके भाई जैनल पर लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आराेपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
धारदार हथियार से युवक पर हमला, तीन पर केस
मुरादाबाद के धीमरी गांव में गाली देने से मना करने पर दबंगों ने युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। धीमरी गांव निवासी जतिन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई नितिन एक क्लीनिक में काम करता है। नितिन पांच सितंबर की रात आठ बजे क्लीनिक से घर लौट रहा था।
गांव में प्रवेश करते ही मनोज, आकाश और उमेश उर्फ मोगली पुरानी रंजिश को लेकर उसके साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर दबंगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस बीच दबंगों ने उसके ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पथराव व फायरिंग के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पाकबड़ा के उमरी सब्जीपुर गांव में पिछले दिनों हुए पथराव को लेकर पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी है। इस मामले में 27 नामजद और 30 अज्ञात लोगों के साथ केस दर्ज किया था। इस मामले में अभी तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।