Moradabad Airport: रनवे की जांच के लिए हवाई जहाज से पहले दौड़ी स्पेशल कार, खत्म हो रहा उड़ान का इंतजार
एयरपोर्ट डायरेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि तारकोल की परत बिछाकर रनवे का घर्षण दुरुस्त किया जाएगा। 15 सितंबर से पहले मुरादाबाद वासियों को अच्छी खबर मिलने के संकेत हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी डीजीसीए के सुझाए गए बिंदुओं के अनुसार एएआई ने रविवार को रनवे पर घर्षण टेस्ट किया। इसके लिए अमृतसर से आई दो करोड़ रुपये की लागत वाली स्पेशल कार रनवे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से दौड़ाई गई। एडवांस तकनीक से युक्त कार ने रनवे के चक्कर लगाने के बाद फौरन रिपोर्ट दे दी।
इसमें डीजीसीए के मानक से ज्यादा घर्षण पाया गया है। अब एयरपोर्ट अथॉरिटी को रनवे पर तारकोल की परत बिछानी होगी। हालांकि इस कार्य का लाइसेंस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। रनवे का घर्षण टेस्ट हर साल होना जरूरी है। मुरादाबाद हवाई अड्डे पर इससे पहले 2021 में यह परीक्षण हुआ।
इसके कारण दस्तावेज देखने के बाद डीजीसीए की टीम ने दोबारा टेस्ट कराने के लिए कहा था। इस पर अमल करते हुए एएआई ने रविवार को कार दौड़ाई।
एयरपोर्ट डायरेक्टर संदीप कुमार का कहना है कि दो से चार दिन के भीतर तारकोल की परत बिछाकर रनवे का घर्षण दुरुस्त कर दिया जाएगा। दूसरी ओर लाइसेंसिंग की प्रक्रिया चल रही है। 15 सितंबर से पहले मुरादाबाद वासियों को अच्छी खबर मिलने के संकेत हैं।
चील, बाज व अन्य पक्षी बढ़ा रहे दिक्कत
हवाई अड्डा मानकों पर तो खरा उतर गया लेकिन रनवे पर आने वाले चील, बाज व अन्य पक्षी परेशानी का कारण बने हुए हैं। जिला प्रशासन को इन पर अंकुश लगाने के लिए कदम उठाने चाहिए। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक फ्लाइट की लैंडिंग और टेक ऑफ से पहले रनवे पर कार घुमाई जाती है। यदि पक्षियों का जमावड़ा लगातार रहता है तो पटाखों की ध्वनि से उन्हें भगाया जाता है। इन इंतजामों के बावजूद पक्षियों के आवागमन पर रोकथाम के लिए प्रयास जरूरी हैं।
एयरपोर्ट डायरेक्टर संदीप का तबादला
डीजीसीए का निरीक्षण पूरा कराने के बाद एयरपोर्ट डायरेक्टर संदीप कुमार का तबादला हो गया है। उन्हें दिल्ली में सफदरजंग हवाई अड्डे पर तैनाती दी गई है। मुरादाबाद में उनके स्थान पर श्याम सुंदर नेहरा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। श्याम सुंदर बतौर एयरपोर्ट प्रबंधक तैनात रहेंगे। जबकि विमान सेवा प्रदाता कंपनी अपने स्टाफ अलग तैनात करेगी। जोकि प्लेन उड़ाने के अलावा हवाई अड्डे पर भी सेवाएं देगें।