मानकों की अनदेखी: मुरादाबाद में एमडीए ने 13 कोचिंग सेंटर और तीन अस्पताल किए सील, कई ताले लगाकर भागे
लखनऊ की घटना के बाद सख्त हुए प्रशासन के निर्देश पर मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने अभियान चलाकर मानकों की अनदेखी, बेसमेंट में संचालन और जरूरी दस्तावेज न होने पर 13 कोचिंग सेंटरों तथा अवैध रूप से संचालित तीन अस्पतालों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया और कई संचालक अपने संस्थानों पर ताला लगाकर फरार हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद में एमडीए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 कोचिंग सेंटर और तीन अस्पतालों को सील कर दिया है। कोचिंग सेंटरों पर ये कार्रवाई मानकों की अनदेखी करने और जरूरी अभिलेख प्रस्तुत न करने पर की गई है। जबकि अस्पताल बिना नक्शा और अवैध रूप से संचालित पाए गए। इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया।
कई तो अपने सेंटरों पर ताला लगाकर फरार हो गए। लखनऊ की घटना को लेकर बीते दिन 250 कोचिंग, होटल और लॉन संचालकों के साथ अफसरों ने बैठक की थी। करीब दो घंटे चली इस बैठक में बेसमेंट में व्यावसायिक गतिविधियां पूर्णतः प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया था।
बैठक में कहा गया कि बेसमेंट में अस्पताल, रेस्टोरेंट और कोचिंग सेंटर का संचालन आमजन के लिए जानलेवा साबित हो सकता है, इसलिए इन्हें शत-प्रतिशत बंद किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी थी कि शीशे से पूरी तरह पैक इमारतों और एमडीए से पास नक्शे के विपरीत निर्माण करने वालों पर अब बिना नोटिस के एमडीए सीधी कार्रवाई करेगा।
इसके बाद हरकत आई एमडीए की टीम ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। प्रवर्तन टीम ने अवैध निर्माण, अवैध संचालन और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की। मानकों की अनदेखी करने, जरूरी अभिलेख प्रस्तुत न करने, बेसमेंट में संचालन पर टीम ने शहर में संचालित तीन नामचीन समेत 13 कोचिंग सेंटरों पर सील लगा दी।
इसके अलावा तीन अस्पतालों को भी सील किया गया है। इसमें दीपा ट्रामा सेंटर, पाकबड़ा स्थित अल्फा हाॅस्पिटल और क्योर हाॅस्पिटल शामिल हैं। दीपा ट्रामा सेंटर का संचालन स्वीकृत नक्शे के विपरीत किया जा रहा था। जबकि अल्फा और क्योर हाॅस्पिटल का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था।
निरीक्षण के दाैरान आवश्यक स्वीकृतियां और अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने पर उप्र नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा-27 के तहत कार्रवाई की गई है। 16 कोचिंग सेंटर और अस्पताल सील किए गए हैं। - अनुभव सिंह, वीसी, एमडीए
स्कॉलर्स डेन, फिजिक्स वाला, जेनेसिस कोचिंग समेत 13 इन सेंटर पर हुई कार्रवाई
स्काॅलर डेन कोचिंग सेंटर, फिजिक्स वाला कोचिंग सेंटर कांठ रोड, जेनेसिस कोचिंग पेंटालून शो रूम के सामने, हाॅवर्ड इंटरनेशनल कोचिंग गोकुलदास, वंडर लाइब्रेरी प्रकाश नगर चाैराहा लाइनपार, रमा लाइब्रेरी माता मंदिर के सामने प्रकाश नगर, सचिन लाइब्रेरी प्रकाश नगर चाैराहा, प्रियांश प्रतियोगिता एकेडमी प्रकाश नगर चाैराहा, नमो स्टडीज प्रकाश नगर चाैराहा, अनएकेडमी कोचिंग सेंटर को सील कर दिया गया है। इसके अलावा गोकुलदास के पास संचालित अमित कुमार, चंकित कुमार, अथर हुसैन, गुरहट्टी चाैराहे के पास बेसमेंट संचालित प्रदीप गुप्ता के कोचिंग सेंटर सील किए गए हैं।
कोचिंग सेटरों में ये मिली कमियां
- अवैध रूप से बेसमेंट में संचालन
- जांच के दाैरान अभिलेख प्रस्तुत न करने
- स्वीकृत नक्शे के विपरीत संचालन
- जरूरी स्वीकृतियां न लेना
- 80 वर्ग मीटर में कोचिंग का संचालन