मुरादाबाद: मुकदमे की बारी आई तो सिपाही ने शादी रचाई, पहले कर रहा था इनकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुरादाबाद में तैनात बुलंदशहर का एक सिपाही पिछले कई वर्षों से एक युवती के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था। लड़की भी बुलंदशहर की रहने वाली है। लड़की ने जब शादी के लिए कहा तो सिपाही परिजनों के एतराज का हवाला देकर मुकर गया। इस पर युवती ने एसएसपी से शिकायत कर दी।
नौबत जब मुकदमे तक पहुंची तो सिपाही ने प्रेमिका को अपना लिया। रविवार को नारी उत्थान केंद्र पहुंचकर प्रेमिका से कोर्ट मैरिज करने की जानकारी दी। बुलंदशहर निवासी सिपाही मझोला थाने की खदाना चौकी पर तैनात है।
सिपाही का अपने ही क्षेत्र की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों कई साल से एक दूसरे के संपर्क में थे। 2018 में सिपाही मुरादाबाद आया तो प्रेमिका को नया मुरादाबाद में किराए का मकान लेकर साथ रखने लगा। दोनों लिव इन में रह रहे थे। इस दौरान युवती गर्भवती हो गई। युवती ने शादी की जिद की तो सिपाही के परिवार वाले आड़े आ गए।
सिपाही ने युवती से कहा कि उसके पिता शादी के लिए राजी नहीं हैं। इसी बहाने वह शादी को टालता चला आया। जनवरी में युवती ने शादी की जिद पकड़ ली। सिपाही तैयार नहीं हुआ तो वह एसएसपी के पास पहुंची और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांगी की।
युवती ने कहा कि आरोपी सिपाही ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया है। एसएसपी ने मामला नारी उत्थान केंद्र को भेज दिया। काउंसलिंग में सिपाही को हिदायत दी गई कि यदि वह अपनी प्रेमिका को नहीं अपनाता है तो उसके खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा लिखा जाएगा।
उसकी नौकरी भी खतरे में पड़ सकती है। नौकरी फंसता देख सिपाही ने प्रेमिका से कोर्ट मैरिज कर ली है। रविवार को दोनों नारी उत्थान केंद्र पहुंचे और शिकायत को बंद करने की मांग की। नारी उत्थान केंद्र की प्रभारी संध्या रावत ने बताया कि रविवार को दोनों साथ आए थे। दोनों सात फरवरी को कोर्ट मैरिज करके बतौर पति पत्नी रह रहे हैैं। युवती को सिपाही से कोई शिकायत नहीं है। इसलिए उनकी फाइल को बंद कर दिया गया है।