Kundarki By Election: बसपा प्रत्याशी समेत 11 दावेदारों ने खरीदे 14 पर्चे, एआईएमआईएम ने भी उतारा प्रत्याशी
मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए अबतक 32 दावेदारों ने 39 पर्चे खरीदे है। बसपा ने रफतउल्ला को प्रत्याशी घोषित किया है, जबकि सपा और भाजपा ने अब तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। नामांकन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद की कुंदरकी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में नामांकन के लिए सोमवार को बसपा प्रत्याशी सहित 11 दावेदारों ने 14 पर्चे खरीदे। तीन दिन में अब तक 32 दावेदारों ने 39 पर्चे खरीद लिए हैं, लेकिन नामांकन किसी ने नहीं किया है।
डीएम कार्यालय में रिटर्निंग अफसर एसीएम प्रथम संत दास पंवार की मौजूदगी में सोमवार को 11 बजे से नामांकनपत्रों की बिक्री शुरू हुई। इस दौरान बसपा प्रत्याशी रफतउल्ला के लिए गाैहर आलम ने दो पर्चे खरीदे। इसी प्रकार सपा के नाम पर कमरू जमा ने भी दो पर्चे व वीरेंद्र सिंह और अनीस अहमद ने एक-एक पर्चा खरीदा।
भाजपा के नाम पर अभिषेक कुमार सिंह के लिए राहुल विक्रम सिंह ने पर्चा खरीदा। वहीं निर्दलीय मो. अतीक ने दो, जान मोहम्मद ने शानू के लिए, विशाल सिंह और शाहने अली समेत अन्य ने पर्चे खरीदे। कुल 11 लोगों ने सोमवार को 14 पर्चे लिए। अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है।
बड़े दलों में अभी तक सिर्फ बसपा ने ही रफतउल्ला को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। सपा और भाजपा ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। नामांकन को लेकर कलक्ट्रेट के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस किसी को कलक्ट्रेट की तरफ जाने की इजाजत नहीं दे रही है।
आसपा प्रत्याशी नहीं कर सके नामांकन
आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी चांदबाबू नामांकन करने के लिए कलक्ट्रेट में सोमवार की दोपहर 2.45 बजे पहुंचे, लेकिन कचहरी का भ्रमण करने के बाद चले गए। प्रत्याशी के समर्थकों का कहना था कि देर होने के कारण नामांकन नहीं हो सका। वहीं कुछ लोगों का कहना था कि नामांकन नहीं भरने के अन्य कारण भी थे।
बसपा प्रत्याशी कल करेंगे नामांकन
बसपा प्रत्याशी रफतउल्ला बुधवार को नामांकन दाखिल करेंगे। पार्टी के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि पार्टी के प्रत्याशी का नामांकन दाखिल करने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एआईएमआईएम ने हाफिज वारिस को बनाया प्रत्याशी
कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के लिए एआईएमआईएम ने हाफिज वारिस को प्रत्याशी घोषित किया है। 2022 में हाफिज विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। अहमदनगर जैतवाड़ा कुंदरकी के रहने वाले हाफिज वारिस ने बताया कि वह ईंट भट्ठा संचालन के साथ खेती भी करते हैं। 2022 में भी वह विधानसभा चुनाव लड़े थे।
तब उन्हें 14,700 मत मिले थे। पार्टी ने दूसरी बार भरोसा जताया है। पीडीएम गठबंधन ने कुंदरकी सीट एआईएमआईएम को दी है। पार्टी के महानगर अध्यक्ष वकी रशीद एडवोकेट ने बताया कि पिछली बार चुनाव के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रचार करने के लिए आए थे। इस बार चुनाव में कड़ी टक्कर होगी।
व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के डीएम ने दिए निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने कलक्ट्रेट परिसर स्थित कंट्रोल रूम एवं मीडिया सेंटर का सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम प्रभारी अजय मिश्रा को सभी व्यवस्थाएं शीघ्र दुरुस्त करने की हिदायत दी। डीएम अनुज सिंह सोमवार को कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के लिए संचालित कंट्रोल रूम का निरीक्षण करने पहुंचे।
उन्होंने निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। आयोग को भेजी जाने वाली रिपोर्ट को तैयार करने और उनको भेजने में भी समय का विशेष ध्यान देना होगा। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी गुलाब चंद्र, प्रभारी अधिकारी एमसीएमसी/अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सत्यम मिश्रा आदि माैजूद रहे।
24 को आएंगे प्रेक्षक
कुंदरकी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव के लिए 24 अक्तूबर को प्रेक्षक मुरादाबाद आएंगे। डीएम अनुज सिंह ने बताया कि 2015 बैच के आईआरएस अधिकारी चंद माधव सिंह प्रेक्षक के रूप में आएंगे और प्रत्याशियों के चुनावी खर्च पर नजर रखेंगे। ब्यूरो