उम्मीद 2024: मुरादाबाद भरेगा विकास की पथ पर उड़ान, हवाई सेवा जल्द होगी शुरू, बुध बाजार नए स्वरूप में दिखेगा
मुरादाबाद में नए साल का जश्न धूमधाम से मनाया गया। आने वाले दिनों में शहर में बड़ा बदलाव दिखाई देगा। इसके लिए कई योजनाएं चल रही है। जल्द ही शहर से हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी। उम्मीद है कि नए विकास कार्यों से शहर को गति मिलने के साथ पहचान भी मिलेगी।
विस्तार
उम्मीदों से भरे वर्ष 2024 में आज हम प्रवेश कर गए। इस साल मुरादाबाद विकास की पथ पर सरपट दौड़ेगा। या ये कहे विकास की नई इबारत लिखेगा। नए साल की शुरुआत हवाई उड़ान के तोहफे से होने की पूरी उम्मीद है। मुरादाबादियों को अपने शहर से लखनऊ और कानपुर तक हवाई सफर कर सकेंगे।
वहीं मंडल 349 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को बरेली के चक्कर से मुक्ति भी मिल सकती है। इस साल नए सत्र की शुरुआत सरकारी विश्वविद्यालय से हो सकती। स्मार्ट सिटी की सूरत बदली होगी। बुध बाजार का नजारा कनॉट प्लेस जैसा होगा। इसके अलावा नई टाउनशिप, होटल, मॉल, रिंग रोड, हाईटेक मछली मंडी और न जाने क्या-क्या। ये सब 2024 में शहरवासियों को मिलने की उम्मीद है।
खत्म होगा इंतजार, 19 सीटर विमान भरेगा उड़ान
मूंढापांडे हवाई हड्डे से उड़ान के लिए एएआई से लाइसेंस मिल चुका है। 15 जनवरी 2024 तक यहां से लोकार्पण की तारीख भी घोषित हो जाएगी। इसके साथ ही मुरादाबादियों को दस साल का इंतजार खत्म हो जाएगा। अपने शहर से 19 सीटर विमान में लोग लखनऊ व कानपुर की यात्रा कर सकेंगे। उससे भी सुविधाजनक यह रहेगा की हवाई सफर ट्रेन के किराये में हो सकेगा।
हरदासपुर में 50 एकड़ भूमि पर बनेगा विश्वविद्यालय
सरकारी विश्वविद्यालय के लिए पहले राजकीय पॉलीटेक्निक में जमीन चिह्नित की गई थी, लेकिन मौके पर सिर्फ 25 एकड़ जमीन उपलब्ध होने की वजह से नई जमीन तलाशने की प्रक्रिया की गई। अब राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण रामगंगा पार इस्लाम नगर रोड पर हरदासपुर में किया जाना है। बजट में 50 करोड़ रुपये सरकारी विश्वविद्यालय के लिए आवंटित होने के बाद इसी रकम के हिसाब से आगामी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी मछली मंडी
मछली पालन के साथ उसके उत्पादन को बेहतर मार्केट उपलब्ध कराने के लिए 50 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश की दूसरी बड़ी फिश मंडी की सौगात नए साल 2024 में जिले को मिल जाएगी। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह और जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह के प्रयास के बाद अगवानपुर में 2.125 हेक्टेयर भूमि बीते वर्ष 2023 के अंतिम माह में मिल गई है।
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में यह मंडी बन कर तैयार हो जाएगी। तीन मंजिला आधुनिक यह मछली मंडी पूरी तरह वातानुकूलित रहेगी। जिसमें एक ही छत के नीचे मछली पालकों को मछली की मार्केटिंग के साथ उसके पालन से जुड़ी व्यवस्था, प्रशिक्षण आदि की व्यवस्था मौजूद रहेगी। उसमें रेस्टोरेंट भी होंगे। जहां मछली का लजीज स्वाद भी शौकीन चख सकेंगे।
बदली-बदली होगी शहर की तस्वीर
स्मार्ट सिटी योजना के तहत 127.76 करोड़ रुपये की लागत से शहर के प्रमुख बुध बाजार रोड समेत शहर की 12 सड़कों को स्मार्ट बनाने का काम करीब 11 महीने पहले से चल रहा है। इसमें आरसीसी सड़क, प्रचार-प्रसार को डिजिटल बोर्ड, डिवाइडर, फुटपाथ, पथ प्रकाश की व्यवस्था, अंडरग्राउंड बिजली लाइन, रेट्रोफिटिंग, रेलिंग व रंग-रोगन का कार्य किया जा रहा है। वर्ष-2024 में नए साल पर यह सौगात भी शहर के लोगों को मिल जाएगी। इसके साथ ही आंबेडकर पार्क के पास वेंडिंग जोन और पार्किंग की सुविधा का लाभ भी शहर के लोगों को मिल जाएगा।
टेस्टिंग लैब की मिलेगी सौगात
पीतल कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय मानक के उत्पाद की टेस्टिंग और उसके प्रमाणपत्र के लिए अब दिल्ली, मुंबई का मुंह नहीं ताकना पड़ेगा। अपने शहर में पीतल कारोबारियों को अपने उत्पाद की अंतरराष्ट्रीय स्तर की टेस्टिंग और प्रमाणीकरण का लाभ नए साल पर मिलने जा रहा है। उच्च कोटि की कारीगरी की ट्रेनिंग की सुविधा भी तोहफे के रूप में शहर के लोगों को नए साल-2024 में मिल जाएगी।
45 करोड़ रुपये की लागत से इसकी आलीशान बिल्डिंग पीतल नगरी स्थित एमएचएससी भवन परिसर में बन कर तैयार हो चुकी है। इसमें 15 विभिन्न टेस्टिंग मशीनें स्थापित की जा रही हैं। जल्द ही उद्घाटन के बाद शहर के लोगों को इसकी सुविधा का लाभ मिलने लगेगा।
200 एकड़ में बनेगा शिल्पग्राम
महानगर में 10 साल के सुनियोजित विकास को लेकर एमडीए द्वारा तैयार किया गया मास्टर प्लान- 2031 शासन को भेजा जा चुका है। वहां तकनीकी समिति से पास होकर फाइल सीएम कार्यालय पहुंच गई है। दो साल से अधिक देरी से भेजे गए इस नए मास्टर प्लान का तोहफा भी शहर के लोगों को नए साल के पहले अथवा दूसरे महीने में मिल जाएगा।
इस महायोजना में विशेष आर्थिक क्षेत्र तक 36 मीटर चौड़े तथा उसके दोनों ओर 500 मीटर चौड़े औद्योगिक क्षेत्र के साथ ही स्पेशल इकोनॉमिक जोन (एसईजेड) के निकट करीब 200 एकड़ के शिल्पग्राम की व्यवस्था दी गई है। वहीं, दिल्ली व कांठ रोड पर व्यावसायिक आवश्यकताओं को देखते हुए बाजार स्ट्रीट तथा उपनगर केंद्रों का प्रावधान भी किया गया है।
नेचर पार्क एवं लाइब्रेरी का मिलेगा तोहफा
नए साल पर शहर के लोगों को शहर के बीच डॉ. भीमराव आंबेडकर नेचर पार्क एवं लाइब्रेरी का तोहफा मिलेगा। इस पार्क की स्थापना हालांकि करीब एक दशक पहले आंबेडकर पार्क के रूप में की गई थी। लेकिन इसके कपाट शहर की जनता के लिए उद्घाटन के बाद से ही बंद रहे। इसकी पहचान आम के बाग के रूप में थी।
वीसी शैलेष कुमार ने इसे विकसित कर शहर के लोगों को इसे सौंपने का निर्णय एक साल पहले लिया था। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक की उपयोगिता को देखते हुए इसे विकसित किया जा रहा है। उच्च कोटि की लाइब्रेरी भी होगी। चार करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस पार्क की सभी सुविधाओं का संचालन एक ही एजेंसी को फिक्स्ड रेवेन्यू शेयर पर नियमानुसार दिया जाएगा। 26 जनवरी तक इसे शहर के लोगों को सौंपने की तैयारी है।
250 हेक्टेयर भूमि में बसेगी नई आधुनिक टाउनशिप
जाते-जाते साल-2023 विकास की कई सौगात दे गया। करीब 8000 करोड़ रुपये की लागत से 1250 हेक्टेयर भूमि पर नई आधुनिक टाउनशिप बसाने का प्रस्ताव एमडीए ने इस वर्ष दिया। इससे अगले पांच साल में पीतल नगरी की चमक गई गुना अधिक बढ़ जाएगी। नया मुरादाबाद योजना के पास स्थित 11 राजस्व ग्रामों की भूमि को सीधे किसानों से क्रय कर एमडीए विकसित करेगा।
योजना के तहत रिवरफ्रंट, एम्यूजमेंट पार्क, मेगा फूड पार्क समेत पर्यटन स्थलों को आकर्षक तरीके से विकसित किया जाएगा। सिटी सेंटर की स्थापना के साथ चिकित्सकों के लिए मेडीसिटी, शिक्षकों के लिए एजुकेशन सिटी, हस्तशिल्पकारों के लिए शिल्पग्राम, आईटी सिटी, पत्रकारों के लिए पत्रकारपुरम, सांसद, विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए जनप्रतिनिधि अलग कॉलोनी विकसित की जाएगी। एमडीए के 43 साल के सफर में सबसे बड़ी योजना है।
जीरो प्वाइंट पर बनेगा इलेक्ट्रिक बस डिपो
जिले में जीरो प्वाइंट पर इलेक्ट्रिक बसों के लिए डिपो बनाया जाएगा। इसके लिए पांच एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है। शासन से मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। मुरादाबाद में इलेक्ट्रिक बसों का सफर बड़ी संख्या में लोग कर रहे हैं। जिसको देखते हुए प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस योजना के तहत जिले में 100 बसें आनी है। इसके लिए जीरो प्वाइंट पर विभाग द्वारा इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई है।
यहां पर बसों को खड़ा करने एवं उनकाे चार्ज करने की सुविधा रहेगी। यहां पर एक साथ 20 से अधिक बसें चार्ज की जा सकेंगी। वर्तमान समय में शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जा रहा है। इलेक्ट्रिक बस डिपो प्रभारी बाबर ने बताया कि इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाने के लिए शासन स्तर पर बात चल रही है। शासन से आदेश आते ही उस पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
2024 में बनेंगे तीन थाने और दो सर्किल
2024 में जनपद में तीन नए थाने बनेंगे। जबकि दो सर्किल बनाने की भी योजना बनाई गई है। इसके अलावा साइबर थाने के लिए दिल्ली रोड पर भवन बनाया जाएगा। शहर की जयंतीपुर पुलिस चौकी, अगवानपुर और नया मुरादाबाद में नए थाने बनाए जाएंगे। जयंतीपुर और अगवानपुर क्षेत्र अतिसंवेदनशील हैं। यहां पशु तस्करी और गोकसी की घटनाएं अधिक होती हैं।
जिस पर अंकुश लगाने के लिए थाने बनाए जाने का प्रस्ताव जिला स्तर से कई बार भेजा गया था। लेकिन मंजूरी नहीं मिल पाई थी। इस बा शासन स्तर से इन तीनों थानों के लिए मंजूरी मिल चुकी है। जमीन की तलाश पूरी कर चुकी कर ली गई है। अब भवन, बैरक बनाने के लिए शासन से बजट की मांग की जाएगी। नया मुरादाबाद में आदर्श थाना बनाने की योजना है।
इसके अलावा ठाकुरद्वारा सर्किल से दो थाने भगतपुर और भोजपुर को अलग कर नया सर्किल बनाया जाएगा। इसके अलावा बिलारी सर्किल से मैनाठेर सोनकपुर को अलग करके नया सर्किल बनाया जाएगा। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि जनपद में तीन नए थाने और दो सर्किल बनाए जाएंगे। इसके अलावा साइबर थाने का भवन बनाया जाएगा।