ऑनर किलिंग: लाल होती रही है मुरादाबाद की धरती, प्रेम विवाह से नाराज अपने ही बहा रहे बेटियों का खून
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी पुलिस ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम ही साबित हो रही है। मुरादाबाद में मंडल के अमरोहा, संभल, बिजनौर, रामपुर और मुरादाबाद जनपद में पिछले एक साल में एक दर्जन से ज्यादा ऑनर किलिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद की धरती ऑनर किलिंग की घटनाओं से लाल होती रही है। प्रेम विवाह और प्रेम संबंधों से नाराज होकर लोग बेटियों को मौत के घाट उतारते वक्त रत्ती भर भी नहीं सोच रहे हैं। इज्जत की खातिर कहीं बेटी को गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया गया तो कहीं बेटी को जिंदा जलाकर मार डाला।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी पुलिस ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम ही साबित हो रही है। मुरादाबाद में मंडल के अमरोहा, संभल, बिजनौर, रामपुर और मुरादाबाद जनपद में पिछले एक साल में एक दर्जन से ज्यादा ऑनर किलिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
प्रेम संबंधों से नाराज भाई ने गला घोंट कर बहन को मौत के घाट उतारा
नागफनी किसरौल दीवान खाना में नवंबर 2020 में प्रॉपर्टी डीलर की बेटी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया था। हत्यारोपियों ने पूछताछ में एक ऑनर किलिंग की घटना के बारे में पुलिस को बताया कि इस घटना से एक माह पहले एक युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन परिवार के लोगों ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कहकर उसका शव दफना दिया था। पुलिस ने युवती के भाई को गिरफ्तार कर ऑनर किलिंग की घटना का खुलासा किया था। उसने बताया कि शादी के बाद भी बहन के किसी दूसरे लड़के से संबंध थे। समझाने के बाद भी वह नहीं मान रही थी।
कार में मिली लार से हुआ था ऑनर किलिंग का खुलासा
ठाकुरद्वारा थानाक्षेत्र में पांच जून 2017 में एक युवती की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव नहर किनारे फेंक दिया गया था। इस मामले में युवती के पिता ने उसके प्रेमी और परिजनों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस की तफ्तीश में मामला ऑनर किलिंग निकला था। युवती की हत्या घर में की गई थी। इसके बाद कार से उसका शव नहर किनारे फेंका गया था। कार से युवती के मुंह की लार गिर गई थी, जिसके जरिये पुलिस ने खुलासा किया था।
प्रेम विवाह से नाराज परिजनों ने जिंदा जला दी थी युवती
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने गांव के ही एक युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। परिजन इससे नाराज थे। एक दिन मौका पाकर युवती के पिता, भाई, चाचा युवती की ससुराल में घुसे और उस पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी थी, जिसमें युवती की मौत हो गई थी।
भाइयों ने किया हमला, अब भी अस्पताल में भर्ती है युवती
मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव निवासी युवती ने प्रेम विवाह कर लिया था। इसके बाद युवक और युवती गांव में आकर रहने लगे थे। इस घटना से नाराज युवती के भाई और चचेरे भाइयों ने युवती को घर से खींचकर रास्ते में उसपर डंडों से हमला किया था। इस हमले में युवती के पैरों की हड्डियां टूट गई थीं। युवती का अब भी निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।