अगवानपुर। सिविल लाइंस पुलिस ने ट्राली में जरूरत से ज्यादा संरक्षित पशु भरकर ले जाने वाले पांच लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता का मुकदमा दर्ज किया है। हिंदू संगठन के लोगों ने बुधवार की रात अगवानपुर में संरक्षित पशुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया था। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई कर ट्रैक्टर ट्राली को जब्त कर लिया था।
अगवानपुर चौकी इंचार्ज मृदुल के मुताबिक बुधवार की रात कुछ लोगों ने अगवानपुर पुल के नीचे संरक्षित पशुओं से भरी ट्राली होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्राली को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के पास पशु ले जाने की कोई अनुमति नहीं थी। ट्राली में सात संरक्षित पशुओं को ठूंस-ठूंस कर भर रखा था। सभी पशुओं को मानपुर गोशाला भेज दिया गया। गुरुवार को पुलिस चालक दिनेश कुमार निवासी करवा नगला, तेजपाल निवासी बुरहानपुर, प्रदीप कुमार निवासी चतरपुर, निपेन्द्र निवासी काला और मनोज निवासी गजरौला जय सिंह थाना भगतपुर के खिलाफ पशु क्रूरता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। वहीं पुलिस ने मुकदमे के बाद सभी को थाने से जमानत दे दी।