मुरादाबाद में दिव्य दरबार: हनुमंत कथा सुनाएंगे धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, 1251 महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा
मुरादाबाद में बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सोमवार से हनुमान कथा सुनाएंगे। इससे पहले महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। आयोजन के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्री राम बालाजी धाम बाबा नींव करोरी आश्रम ट्रस्ट की ओर से हो रही हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार के चार दिवसीय कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ महाकालेश्वर धाम नया मुरादाबाद से हुआ। मुख्य यजमान विनीत कुमार गुप्ता लोहिया, विभोर कुमार गुप्ता लोहिया, अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा के द्वारा कलश यात्रा का शुभारंभ जय श्री राम, जय हनुमान, जय बागेश्वर धाम के उद्घोष के साथ किया गया।
शोभायात्रा में 1251 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर पीले वस्त्र पहनकर यात्रा में शामिल हुईं। इनके साथ काफी संख्या में हनुमान भक्त भी उपस्थित रहे। मंदिर से कथा स्थल तक बड़ी संख्या में भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ था। शोभायात्रा में बैंड, डीजे एवं घोड़ा बग्गी भी शामिल रहीं। कार्यक्रम में ढोल नगाड़े की धुन आकर्षण का केंद्र रही।
भजनों की धुन ने शोभायात्रा में समा बांध दिया। कलश यात्रा में शामिल महिलाएं झूमते हुए यात्रा में चल रही थीं। कथा स्थल पर पहुंचकर सभी ने अपने-अपने कलशों को स्थापित किया। सभी राम भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और कथा स्थल को राममय कर दिया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर पुण्य कमाया।
दोपहर दो बजे से होगी कथा
विनीत कुमार लोहिया ने उपस्थित जन समूह का आभार व्यक्त किया। आगामी कार्यक्रम में अपनी अहम भूमिका निभाकर राम की भक्ति में डूबने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाबा बागेश्वर धाम सरकार 18 मार्च को मुरादाबाद में पहुंचेंगे।
दोपहर दो बजे के बाद हनुमंत कथा का शुभारंभ कथा व्यास श्री पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी पीठाधीश्वर श्री बागेश्वर धाम सरकार करेंगे। इसके बाद 19 मार्च को सुबह नौ बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्य दरबार के साथ होगा।
उसके बाद दोपहर दो बजे से भव्य हनुमंत कथा का आयोजन शुरू होगा। सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए पूरा प्रांगण भक्ति में तल्लीन हो गया। उपस्थित सभी जन समूह ने दोनों हाथ उठाकर भगवान श्री राम का जय घोष किया।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में अंकुर अग्रवाल, अजय गुप्ता, राजीव अग्रवाल, करन सिंह, राजेश रस्तोगी, शुभम भारद्वाज, सचिन अग्रवाल, राजकुमार शर्मा, विनोद राय, इंगलेश शर्मा, नवनीत शर्मा, दिनेश सिसोदिया, शैलेंद्र प्रकाश गुप्ता, विनोद राय, देवेंद्र, ज्ञानेंद्र देव शर्मा, हरि गोपाल शर्मा, पंकज सक्सेना, विपिन कुमार, गौरव अग्रवाल, विनीत गुप्ता, आचार्य दीपक कृष्ण शास्त्री, राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
बाबा बागेश्वर की कथा को लेकर तगड़ी होगी सुरक्षा व्यवस्था
नया मुरादाबाद में आयोजित धीरेंद्र शास्त्री (बाबा बागेश्वर) की हनुमत कथा में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 700 पुलिसकर्मी मैदान के इर्द गिर्द तैनात किए जाएंगे। सीओ हाईवे ने बताया कि इस मामले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की गई है।
चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद बाबा बागेश्वर की हनुमत कथा सेक्टर छह नया मुरादाबाद माता की मिलक में आयोजित की गई है। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया के निर्देश पर नया मुरादाबाद में एक एएसपी, एक सीओ और 700 पुलिस के जवान जगह-जगह तैनात किए जाएंगे।
इस मामले में पाकबड़ा पुलिस ने मौके का मुआयना कर सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। संभावना है कि कथा सुनने के लिए एक लाख लोगों की भीड़ इकट्ठा होगी। सीओ हाई वे अमरेंद्र सिंह का कहना है कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए आवश्यक तैयारी की गई है।
नाले को लेकर पुलिस ने उठाए सवाल
सीओ हाईवे ने कथा के आयोजक विपिन लोहिया को पत्र लिखकर सवाल उठाया कि कथास्थल की बाउंड्री के नजदीक एक नाला पानी से भरा है। इस कारण भीड़ बढ़ने पर कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इस बारे में विपिन लोहिया ने बताया कि सुरक्षा के लिए नाले की तरफ बैरिकेडिंग की गई है ताकि सुरक्षा मुकम्मल हो सके।