मुरादाबाद। चौबीस घंटे के अंतराल में ही भाजपा के दो नेता फिर आमने सामने आ गए। इस बार यूपी पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य गिरीश वर्मा और भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ओमकार सिंह के बीच कुंदरकी ब्लाक प्रमुख को लेकर विवाद हो गया। एक दूसरे पर आरोप प्रत्योराप कर दोनों ने आस्तीनें खींच लीं और एक दूसरे के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे माहौल गरमा गया। मौके पर मौजूद अन्य नेताओं ने दोनों को समझाकर मामला शांत कराया।
दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में बृहस्पतिवार रात मुरादाबाद मंडल प्रभारी जितिन प्रसाद की मौजूदगी में भाजपा नेताओं के बीच तू-तू, मैं-मैं हो गई थी। शुक्रवार सुबह लोक निर्माण विभाग के मंत्री एवं मंडल प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद और अन्य मंत्री पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाने की तैयारी कर रहे थे। जबकि भाजपा नेता सभागार के सामने वाले कक्ष में बैठ कर आपस में बातचीत कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बीच यूपी पिछड़ा वर्ग के सदस्य गिरीश वर्मा से कुछ नेताओं ने कहा कि ओमकार सिंह को कुंदरकी ब्लाक प्रमुख बनने में मदद करनी चाहिए। तब गिरीश वर्मा ने कहा कि ओमकार सिंह ने जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के सामने चुनाव लड़ा था। इसी बीच किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ओमकार सिंह ने गिरीश वर्मा को अपशब्द कह दिए। जिसे लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई। इसके बाद मामला गाली गलौज तक पहुंच गया। इससे मामला गरमा गया। दोनों ने एक दूसरे को देखने की धमकी दी। वहां मौजूद नेताओं ने दोनों को समझाकर शांत कर दिया।