Moradabad: दो अलग-अलग स्थानों पर शटडाउन के बावजूद खंभे पर दौड़ा करंट, चार कर्मचारी झुलसे, जेई निलंबित
चीफ इंजीनियर, आरके बंसल के मुताबिक, एक्सईएन को जांच के लिए कहा गया है। पेट्रोलिंग व अन्य तरीकों से पता लगाएं कि शटडाउन के बावजूद लाइन में करंट कैसे आया। एक्सईएन की जांच रिपोर्ट में तथ्य स्पष्ट हो जाएंगे।
विस्तार
मुरादाबाद के सिविल लाइंस क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर बिजली के खंभे पर काम करते समय करंट लगने से चार कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। कर्मचारी सोनू उर्फ ललित, दीपक, जगराम व सोनू अमरोहा जिले के हसनपुर क्षेत्र के निवासी हैं। सोनू उर्फ ललित की हालत ज्यादा खराब होने के कारण दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। अभी तक इस मामले में दौलतबाग बिजलीघर के जेई गजपाल सिंह को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत अंडरग्राउंड लाइनों को चार्ज करने का काम रिलायंस इलेक्ट्रिक वर्क्स कंपनी कर रही है। कंपनी के ठेकेदार सतेंद्र पांडे के मुताबिक लाइनमैन ललित उर्फ सोनू व दीपक पुलिस लाइन के पास मिशन शक्ति चौक पर काम कर रहे थे। जबकि दूसरा लाइनमैन सोनू व जगराम जिगर कॉलोनी की कैंप चौकी के पास खंभे पर थे। कार्य के लिए विद्युत निगम से शटडाउन लिया गया था। इसके बावजूद बुधवार शाम करीब सात बजे दोनों खंभों में अचानक करंट दौड़ गया। अचानक तेज रोशनी चमकी और फाल्ट की आवाज हुई। लोगों ने दौड़कर देखा तो कर्मचारी अपनी सेफ्टी बेल्ट पर बेहोश लटके हुए थे।
स्थानीय लोगों ने बिजलीघर को फोन पर सूचना दी। इसके बाद कंपनी के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए और लाइनमैनों को रस्सी के जरिये खंभे से उतारा। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया। ठेकेदार ने बताया कि सोनू, दीपक व जगराम को टीएमयू में भर्ती कराया गया है। जबकि सोनू उर्फ ललित को विद्युत निगम के चीफ इंजीनियर आरके बंसल के आदेश पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया है।
जेई के निलंबन के बाद शटडाउन की जांच के आदेश
एडीएम सिटी ज्योति सिंह, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर, विद्युत निगम के चीफ इंजीनियर आरके बंसल, एसई मुनीश चोपड़ा व तीनों एक्सीएन जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कंपनी के ठेकेदार से पूरी जानकारी ली। इसके बाद विद्युत निगम के एसडीओ से पूछा कि शटडाउन के बावजूद करंट कैसे प्रवाहित हुआ। चीफ इंजीनियर ने जेई को निलंबित करने के बाद इस मामले की जांच के आदेश दिए कि करंट कैसे प्रवाहित हुआ। उन्होंने कहा कि जिस कर्मचारी की गलती पाई जाएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
करंट से झुलसे चारों कर्मचारी होश हैं। एक की हालत ज्यादा गंभीर है, जिसे दिल्ली भेजा गया है। इस मामले में विद्युत निगम के अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। कार्रवाई के लिए किसी की ओर से तहरीर मिलेगी तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। -अखिलेश भदौरिया, एसपी सिटी