सना बनी सोनम को मिला धोखा: तीन महीने पहले हुई लव-मैरिज, अब फंदे से लटका मिला शव, परिवार का आरोप- हत्या की गई
सना ने सोनम बनकर 18 मई 2022 को अजय दिवाकर से शादी की थी। अजय और सना उर्फ सोनम हिमगिरी कॉलोनी में रहने लगे थे। मंगलवार रात सना का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। सना के भाई उस्मान ने पुलिस को बताया कि अजय आए दिन शराब पीकर सना के साथ मारपीट करता था।
विस्तार
मुरादाबाद में पौने तीन महीने पहले दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम विवाह करने वाली युवती का शव फंदे पर लटका मिला है। वह अपने पति के साथ किराये के मकान में रह रही थी। सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंच गए और उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मुगलपुरा थानाक्षेत्र के गोकुलदास मोहल्ला निवासी सन्नो बेगम की बेटी सना (22) की शादी दो साल पहले वारसी नगर निवासी सैय्यद रेहान के साथ हुई थी। इसके बाद सना के प्रेम संबंध मुगलपुरा क्षेत्र के हाथी वाला मंदिर निवासी अजय दिवाकर से हो गए थे। पति से तलाक होने के बाद सना की नजदीकियां अजय दिवाकर के साथ और बढ़ गई थी।
18 मई 2022 को सना ने सोनम बनकर अजय दिवाकर से शादी कर ली। अजय और सना उर्फ सोनम हिमगिरी कॉलोनी में रहने लगे थे। मंगलवार रात सना का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। सना के भाई उस्मान ने पुलिस को बताया कि अजय आए दिन शराब पीकर सना के साथ मारपीट करता था। वह सना पर दबाव बना रहा था कि वह अपने मायके से दहेज लेकर आए। उस्मान और मां सन्नो का आरोप है कि अजय ने ही सना की हत्या की है।
मंगलवार की रात दस बजे पुलिस कर्मियों से उन्हें सूचना मिली कि सना की लाश फंदे पर लटकी मिली है। सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सना की मां की ओर से अजय दिवाकर और उसके मां बाप के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। विवेचना और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।